तीन साल बाद डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के तबादले 25 अप्रैल तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
तीन साल बाद डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के तबादलों की राह खुली है। आवेदन 25 अप्रैल तक कर सकते हैं। इस बार प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। राज ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर में एसएसओ आईडी के जरिए तबादले के लिए कर्मचारी आवेदन कर पाएंगे। इसी आईडी से कर्मचारी की सर्विस अवधि, स्वास्थ्य केंद्र पर नौकरी करने का समय, रिक्त पदों की संख्या और रिटायरमेंट तिथि के अनुसार तबादलों पर फैसला कर सकेंगे।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को स्थानांतरण आवेदन करने के लिए विभागीय वेबसाइट पर जाना होगा। राज ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर में जाकर एसएसओ आईडी के जरिए बुधवार से कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे। स्थानांतरण के लिए आवेदन पत्र में तीन विकल्प भरने होंगे। विभाग तीनों विकल्पों में खाली पद होने की स्थिति में स्थानांतरण आदेश जारी करेगा। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डाॅ. वीके माथुर ने बताया कि स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई है। क्योंकि डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को व्यक्तिगत रूप से आवेदन प्रस्तुत करने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे राज ई-आॅफिस आॅनलाइन सिस्टम की तकनीक का उपयोग किया जा सकेगा।
तबादले का आवेदन करने से पहले यह जरूरी जानकारी आपको पढ़नी चाहिए
एसएसओ आईडी होनी जरूरी : डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के पास अगर एसएसओ आईडी नहीं बनी है तो वे तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन के लिए उन्हें एसएसओ आईडी तैयार करनी होगी। तबादले के इच्छुक कर्मचारी को 25 अप्रैल से पहले आईडी तैयार करानी होगी।
पूरी जानकारी होगी : स्वास्थ्य निदेशक ने सभी सीएमएचओ और पीएमओ को निर्देश दिए हैं। उन्होंने 25 अप्रैल तक पूरे स्टाफ के डाटा राज ई-ऑफिस सॉफ्टवेयर में दर्ज कराने को कहा है। इसके लिए सूचना सहायकों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिन कर्मचारियों का डाटा सॉफ्टवेयर में इंद्राज कर दिया, उन्हें सत्यापित करने के निर्देश दिए हैं। सॉफ्टवेयर में कर्मचारी के ऑफिस नाम, व्यक्तिगत जानकारी, पदनाम और सर्विस समय की जानकारी दर्ज करनी होगी।
दो हजार को हैं इंतजार : दो हजार कर्मचारी सीकर जिले में स्थानांतरण कराने के लिए कतार में लगे हैं, लेकिन जिले में पद खाली नहीं होने के कारण उनके प्रयास सफल नहीं हो रहे हैं। जयपुर सहित पश्चिमी जिलों में सीकर के 1800 ज्यादा नर्सिंग स्टाफ कार्यरत हैं। वे गृह जिले में पहुंचने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ लगा रहे हैं। इनमें ज्यादातर नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति दो साल पहले ही हुई थी। हाल में उनका प्रोबेशन पीरियड पूरा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग उनके स्थानांतरण को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। इसके लिए कोई गाइडलाइन तय नहीं की है। इसी तरह कई डॉक्टर भी दूसरे जिलों से सीकर स्थानांतरण कराना चाहते हैं।
पहले प्रमोशन की सूची : नर्सिंग कैडर तबादलों को लेकर ज्यादा मारामारी है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग संभवतया पहले नर्स-2 से नर्स-प्रथम प्रमोशन लिस्ट जारी करेगा। इसके लिए वरिष्ठता सूची तैयार कर ली गई। जल्द ही प्रमोशन सूची जारी की जाएगी। इसके बाद नर्स-प्रथम का पदस्थापन किया जाएगा। इसके बाद तबादला सूचियां जारी की जाएगी।
राज-काज सॉफ्टवेयर में दर्ज होगी सर्विस की पूरी जानकारी, एसएसओ आईडी के जरिए भेज सकेंगे आवेदन