अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस व कैंडल मार्च निकाला
अम्बेडकर जयंती समारोह समिति के द्वारा बाबा साहेब की 127वीं जयंती की पूर्व संध्या पर कैंडल मार्च निकाला गई। वहीं छात्र संगठन डीएएसएफआई की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया। समिति सदस्य नोरतराम ने बताया कि बाबा साहब की जयंती की पूर्व संध्या पर अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर गुलाब जल से अभिषेक किया गया। उसके बाद कैंडल मार्च निकाल कर आतिशबाजी की गई। छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि बाबा साहेब की जयंती की पूर्व संध्या पर संगठन की आेर से मशाल जुलूस निकाला गया। प्रदेश सचिव जितेंद्र देवठिया ने बताया कि कृष्णा छात्रावास से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल पहुंचा। इस मौके पर पिंटू वर्मा, दिनेश बखड, विक्रम, विकास, सुरेश, धर्मवीर सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
डॉ. अंबेडकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से शुक्रवार को गोपाल सदन में रक्तदान शिविर लगाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं व युवाओं ने रक्तदान किया। जिला महासचिव नरेंद्र वर्मा ने बताया कि संस्थान की ओर से यह पांचवां रक्तदान शिविर था। जिसमें सुमन वर्मा, बासड़ी, सुमन बड़जातिया, मलकेड़ा, कमला सहित कई महिलाओं ने रक्तदान किया। जिलाध्यक्ष संजीव रोलन के नेतृत्व में डॉ. अंबेडकर के पोस्टर का विमोचन किया गया। शनिवार को अंबेडकर सर्किल पर आयोजित होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह में कई सामाजिक संगठन के लोग शामिल होंगे।
बसपा की ओर से भीमराव अम्बेडकर जयंती शनिवार को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रोंं में मनाई जाएगी। बसपा के जिला महासचिव मुकेश राड ने बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र में संगोष्ठियां होंगी। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी डाॅ. जयप्रकाश सिंह, प्रदेश सचिव चरण सिंह नोनिया, जिला प्रभारी हरिराम गुरावां, जिला अध्यक्ष धर्मसिंह तानान आदि शिरकत करेंगे।