धोद उपखंड सीकर में रखने के लिए बार एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
धोद उपखंड कार्यालय व तहसील कार्यालय को धोद में स्थानांतरित करने को लेकर दी बार एसोसिएशन ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन ने ज्ञापन में कहा कि भौगोलिक दृष्टि से भी धोद पंचायत समिति सर्किल सीकर मुख्यालय के चारों ओर स्थित है। पंचायत समिति कार्यालय भी सीकर में है और सीकर जिला मुख्यालय पर सभी विभागों के कार्यालय हैं। धोद क्षेत्र की 43 में से 34 ग्राम पंचायतों के आमजन को भी जिला मुख्यालय सीकर में रहने से समस्याओं के निराकरण में सुगमता रहती है। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय पर कार्यरत वकीलों को भी धोद उपखंड बाहर भेजने से परेशानी होगी। 34 ग्राम पंचायतें भी धोद को सीकर मुख्यालय में रखना चाहती हैं। इस दौरान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट भागीरथ सिंह, प्रभातीलाल, ओमप्रकाश जांगिड़, भवानी सिंह, मुकेश पारीक, महावीर, गौरीशंकर आदि उपस्थित थे।