किसान ब्याज मुक्त फसली ऋण एक साल में चुका सकेंगे
सीकर| खरीफ 2017 में सहकारी बैंक, ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से कृषक मित्र एवं अल्पकालीन फसली ऋण लेने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेशभर किसानों को राहत देते हुए ऋण चुकाने की अवधि एक साल कर दी है। सीकर केंद्रीय सहकारी बैंक सीकर के प्रबंध निदेशक मनोहर लाल शर्मा के अनुसार पूर्व में ऋण चुकाने की अवधि 31 मार्च 2018 तय थी। राज्य सरकार के आदेशानुसार किसानों को ऋण लेने की तिथि से एक साल में चुकाना होगा। तय अवधि में ऋण नहीं चुकाने वालों को ब्याज में छूट योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।
सीटू की बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा
सीकर | सीकर जिला भवन निर्माण मजदूर यूनियन की बैठक सोमवार को जिलाध्यक्ष सुभाष नेहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान जिला महामंत्री सोहन भामू ने रोडवेज कर्मचारियों की समस्याओं, शहर में रोडवेज बसों के प्रवेश के लिए लगाई गई पाबंदी आदि पर चिंता जताई। सीटू जिला सचिव बृजसुंदर जांगिड़ ने कहा कि निर्माण श्रमिकों के फार्मों का कोई हल नहीं निकलने के विरोध में सीटू जिला इकाई की ओर से आंदोलन किया जाएगा।