उपद्रवियों की पहचान के लिए पुलिस को देंगे कैमरे लगे हेलमेट
सीकर | शहर में कहीं भी उपद्रव होने पर उपद्रवियों की तुरंत पहचान कर ली जाएगी। पुलिस मुख्यालय से सभी जिलों की पुलिस को ऐसे हेलमेट दिए जाएंगे, जिन पर कैमरे लगे होंगे। शहर में कहीं पर भी उपद्रव व पथराव की घटना होती है तो सुरक्षा बल हेलमेट पहन सकेंगे। इससे न केवल पुलिसकर्मी की सुरक्षा होगी,बल्कि हेलमेट में लगे कैमरे से उपद्रवियों की रिकॉर्डिग भी की जाएगी। मामला शांत होने के बाद उपद्रवियों की पहचान करने के बाद पुलिस तुरंत कार्रवाई भी कर सकेगी। अभी तक पुलिस को उपद्रव के दाैरान हुड़दंग करने वालों का पता नहीं लग पाता था। इसके अलावा सभी जिलों में पुलिस को ड्रोन व कैमरे भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। किसी भी परिस्थिति में पुलिस ड्रोन का प्रयोग कर सकेगी। ऐसे कैमरे लगे हुए हेलमेट जल्द ही पुलिस को उपलब्ध करवाए जाएंगे। पुलिस को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हंै।