होमगार्ड को शराब के नशे में पकड़ा, जताने लगा मंत्री की धोंस
ट्रैफिक पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने पर होमगार्ड का चालान कर दिया। होमगार्ड ने पहले तो पुलिस को काफी रौब दिखाया, जब बात नहीं बनी तो छोड़ने के लिए मिन्नतें करने लगा। महेंद्र सिंह निवासी पिपराली हरियाणा नंबर की एक्सयूवी कार से कल्याण सर्किल से आ रहा था। वहां महिला सिपाही ने देखकर उसे रोका तो शराब के नशे में उतर कर आया। महिला सिपाही ने शराब के नशे में गाड़ी चलाने पर चालान करने की बात कही तो वह रौब दिखाने लगा। वह बोला कि शराब पी ली तो पी ली। मैं चिकित्सा मंत्री की सुरक्षा में होमगार्ड लगा हुआ हूं। इसके बाद महिला सिपाही ने ट्रैफिक कंट्रोल रूप में सूचना दी। इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। यातायात प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि पुलिस ने एमवी एक्ट-185 में महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर चालान किया है। चालान होने के बाद में वह गाड़ी छोड़ देने के लिए मिन्नतें करने लगा।