वुशू खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में अब मिलेगा टीए और डीए
युवा एवं खेल विभाग राजस्थान सरकार ने पंजीयक सहकारी समितियां को पत्र जारी कर राजस्थान क्रीड़ा (संगमों का रजिस्ट्रीकरण, मान्यता और विनियमन) अधिनियम 2005 में वुशू खेल सहित 11 खेलों को पात्र राज्यस्तरीय क्रीड़ा संगमों के रूप में अंतरिम रूप से अनुदान प्राप्त करने एवं पदाधिकारियों का चयन करने के रूप में मान्यता प्रदान की है। पंजीयक को इन खेलों को रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां की ओर से नियमानुसार पंजीयन किये जाने की बात कहीं गई है। मान्यता मिलने के साथ ही खिलाडिय़ों को यात्रा व दैनिक भत्ते का भुगतान सहित अन्य सुविधाएं मिलने की राह आसान हो गई है। जिला वुशू संघ के अध्यक्ष महेश शर्मा, ओरियंटल मार्शल आर्ट एण्ड स्पोट्र्स एकेडमी के निदेशक महेन्द्र सिंह पंवार, राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी पूनम शर्मा, रणवीर सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रियंका सैनी सहित अनेक खिलाडिय़ों ने सरकार के इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए खिलाडिय़ों के हित में सराहनीय कदम बताया।
पात्रता प्राप्त राज्य स्तरीय क्रीड़ा संगम : पात्र किए गए राज्य स्तरीय क्रीड़ा संगमों में राजस्थान रोल बॉल संगम, राजस्थान वुशू संगम, राजस्थान टेनीक्वाइट संगम, राजस्थान राज्य बॉल बैडमिंटन संगम, हॉकी राजस्थान, राजस्थान आट्या पाट्या संगम, राजस्थान सेपक तकरा संगम, राजस्थान तलवारबाजी संगम, राजस्थान केनोपिंग व कयाकिंग संगम, राजस्थान ट्राइथोलोन संगम व राजस्थान स्कवैश रैकेट संगम शामिल है।
विलोपित किए गए क्रीड़ा संघ : राजस्थान बिलियडर्स संगम, राजस्थान नि:शक्तजन क्रिकेट संगम, राजस्थान बॉल बैडमिंटन संगम, राजस्थान हॉकी संगम व राजस्थान कुश्ती (भारतीय पद्धति) संगम को विलोपित किया गया है।