शहर के मोचीवाड़ा के बुच्याणी मोहल्ले में शनिवार रात दो पक्षों के युवकों में हुए विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। इसके बाद लोग आमने-सामने हो गए और एक दूसरे पर पत्थर और बोतलें फेंकने लगे। घटना में तीन पुलिसकर्मियों समेत आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने डेढ़ दर्जन उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। विवाद को देखकर प्रशासन ने पुलिस, आरएसी टुकड़ी व क्यूआरटी टीम को मौके पर तैनात कर दिया है। देर रात तक कलेक्टर समेत आला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर थे। रात करीब 8.30 बजे कुछ युवकों में शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। आपसी कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। युवकों में हंगामा होता देख दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हो गए और एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव होने से चार-पांच लोग चोटिल हो गए। 20-25 मिनट तक दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पत्थर और बोतलें चलाईं। कोतवाली पुलिस ने स्थिति को बेकाबू होते देख सदर, उद्योगनगर व महिला थानों से जाब्ता मंगाया। क्यूआरटी टीम व आरएसी की एक टुकड़ी भी मौके आई। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा, लेकिन थोड़ी देर बाद दोनों पक्षों में दुबारा पथराव शुरू हो गया। पथराव में तीन पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए। पुलिस ने उपद्रवियोंं पर जमकर लाठियां भांजी। उपद्रवी घरों में जाकर छिप गए। इसके बाद पुलिस ने उपद्रवियों को पकड़ने के लिए घरों में तलाशी लेकर डेढ़ दर्जन युवकों को हिरासत में ले लिया। देर रात तक स्थिति नियंत्रण में थी।
शेष | पेज 9
शराब पर विवाद...
पुलिस की पांच टीमों ने पाया हालात पर काबू : पथराव को देख कलेक्टर व कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की पांच टीमों को उपद्रवियों को पकड़ने का जिम्मा सौंपा। इसके बाद पुलिस की टीमों ने घरों में जाकर उपद्रवियों को पकड़ लिया। देर रात तक कलेक्टर नरेश कुमार ठकराल, एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह, एडीएम जयप्रकाश, सीओ ग्रामीण मो. अयूब, सीओ एससीएसटी जयसिंह तंवर, कोतवाल महावीर सिंह राठौड़, सदर एसएचओ रविंद्र प्रताप, उद्योग नगर एसएचओ राममनोहर, महिला थाना एसएचओ शब्बीर अहमद समेत भारी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात था।
घटनास्थल पर पड़ी कांच की बोतलें व तैनात पुलिस।
उपद्रवियों को घर से भी निकालने पहुंची पुलिस।