फतेहपुर राेड पर पांच माह पूर्व बाइक व रोडवेज बस की टक्कर में बस को आग लगाने के बाद दोनों आरोपी सीकर में ही रिश्तेदारों के पास रहते थे। दोनों मोबाइल नहीं रखते थे और बार-बार जगह बदलते रहते थे। इस दौरान पुलिस ने दोनों के घरों पर कई बार दबिश भी दी, लेकिन वे नहीं मिले। कोतवाली पुलिस ने दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। कोतवाली थानाधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि मोहम्मद हसन पुत्र उस्मान गनी निवासी वार्ड दो बहलीम मंजिल के पीछे फतेहपुर रोड व सदाम पुत्र अब्दुल सत्तार निवासी मदीना मस्जिद के पास वार्ड 48 सीकर को फतेहपुर रोड से गिरफ्तार किया था। दोनों पांच माह से फरार थे। उन्होंने बताया कि 28 दिसंबर को शाम करीब पांच बजकर 40 मिनट पर फतेहपुर रोड पर एक बाइक सवार व एक रोडवेज बस की टक्कर हो गई थी। इसके बाद दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रोडवेज बस को आग लगा दी थी। इसके बाद रोडवेज चालक के साथ मारपीट कर मौके पर पहुंचे पुलिस जाब्ते पर भी जानलेवा हमला किया था। मौके पर पुलिस की सरकारी बाइक को भी आग लगा दी थी।