आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते एक पकड़ा
सीकर | राजस्थान रॉयल्स और बैंगलुरू के बीच में चल रहे आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते समय पुलिस ने एक जने को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार मोबाइल, एक लैपटॉप, एक एलईडी टीवी, एक पेटी व लाखों रुपए के हिसाब की पर्चियां बरामद की हैं। एसआई संगीता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनोद पुत्र शंभुदयाल निवासी वार्ड नंबर-27 पंडितजी की कोठी सांवली रोड है। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम पंडितजी की कोठी सांवली रोड पर पहुंची तो आरोपी आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सामान जब्त कर लिया।
कांग्रेस ने मनाया लोकतंत्र पर्व

सीकर | जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जाट बाजार में आतिशबाजी कर लोकतंत्र का पर्व मनाया। जिलाध्यक्ष पीएस जाट ने कहा कि लोकतंत्र की जीत हुई है, झूठ बोलने वालों की हार हुई है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, सुभाष महरिया, अश्क अली टांक, राजेंद्र पारीक, सभापति जीवण खां, प्रदेश कांग्रेस सदस्य वीरेंद्र सिंह, भागीरथ जाखड़, प्रधान ओमप्रकाश झीगर, चांद खां मुगल, नगर परिषद उपसभापति अशोक चौधरी, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय शर्मा, पार्षद रविकांत तिवाड़ी व राजेंद्र झूरिया आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
युवा कांग्रेस लोक सभा कमेटी की बैठक में यूथ चला बूथ की ओर पर चर्चा
सीकर | युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विनीत कम्बोज व सोशल मीडिया प्रभारी जसकरण कालो की उपस्थिति में लोकसभा अध्यक्ष सुभाष मील की अध्यक्षता में बैठक हुई। विधानसभा चुनावों में युवा कांग्रेस द्वारा पार्टी प्रचार के लिए होने वाले कार्यक्रमों व यूथ चला बूथ की ओर कार्यक्रम पर चर्चा की गई। इस मौके पर प्रदेश सचिव रामनिवास, दांतारामगढ़ विधानसभा अध्यक्ष जयंत निठारवाल और महासचिव बलवीर थोरी उपस्थित रहे।
बस्तियों में जल टैंकर से बांटेंगे पानी
सीकर | जनकल्याण समिति की ओर से शहर की कच्ची बस्तियों में टैंकर की मदद से पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। शनिवार को शहर कोतवाल महावीर सिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर संस्था के अभियान काे शुरू किया। शेखावाटी जनाना अस्पताल परिसर में हुए कार्यक्रम में राठौड़ ने इसे मानवता की सेवा बताया। सहायक प्रशासनिक अधिकारी भंवरसिंह शेखावत ने बताया कि संस्था की ओर से शहर की कच्ची बस्तियों में रहने वाले परिवारों को पेयजल उपलब्ध करवाएंगे। इस मौके पर सचिव कैलाशचंद्र मोदी, डॉ. पुष्पा पोरवाल, पवन मोदी, चितरंजनसिंह राठौड़, बीएल सोनी समेत अन्य मौजूद थे।
एसएमएस हॉस्पिटल के जाने माने न्यूरो सर्जन की सेवाएंं आज बिंदल हॉस्पिटल में
सीकर | सेठ रामदेव बिंदल स्मृति सेवा संस्थान द्वारा बजाज रोड स्थित बिंदल हॉस्पिटल में एसएमएस हॉस्पिटल के न्यूरो सर्जन डॉ. मुकेश भास्कर रविवार को सेवाए देंगे। डॉ. भास्कर के साथ फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मनोज लांभा की निशुल्क सेवाएं मिलेंगी। दोनों की सेवाए प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय रविवार को उपलब्ध रहेंगी। लकवा, मिर्गी रोग, पुराना सिर दर्द, ट्यूमर, कमर, हाथ अथवा पैरों में झनझनाहट, कंपन, सूनापन, रींगणबाय, आवाज का लड़खड़ाना, ब्रेन ट्यूमर बीमारियों का इलाज किया जाएगा। अस्पताल निदेशक नटवर बिंदल ने बताया कि शिविर निशुल्क होगा। भामाशाह कार्डधारियों के ऑपरेशन निशुल्क किए जाएंगे।
योग पर जागरूकता के लिए आज मारू पार्क में निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता
सीकर | आयुर्वेद विभाग द्वारा योग जागरूकता को लेकर शनिवार को दो प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सहप्रभारी आलोक कौशिक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह समिति व स्काउट गाइड मुख्यालय द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में रंगोली व नारा लेखन प्रतियोगिता हुई। रंगोली प्रतियोगिता में योगासन उकेर कर आंचल व पायल प्रथम रही। नारा लेखन में प्रभा सैनी प्रथम रही। कौशिक ने बताया कि रविवार को मारू पार्क में सुबह 5.45 पर निबंध व पोस्टर होगी। कार्यक्रम में डॉ. योगेश मिश्रा, बीके लाटा, डॉ. संपत्ति मिश्रा, जया पारीक, श्वेता पारीक, नकुल शर्मा, मोहनलाल मौर्य मौजूद थे।
दलित पिछड़ा अधिकार यात्रा 21 से
सीकर | डीएसपी अधिकार दल की ओर से 21 मई को दांतारामगढ़ विधानसभा से दलित पिछड़ा अधिकार यात्रा निकाली जाएगी। प्रदेश प्रभारी किशोर दूल्हेपुरा ने बताया कि यात्रा प्रदेशाध्यक्ष शिवभगवान सारड़ीवाल के नेतृत्व में सीकर, चूरू, नागौर, झुंझुनूं होकर निकाली जाएगी। दलित पिछड़ा अधिकार यात्रा को लेकर जगह-जगह जनसंपर्क किया जा रहा है।
विधिक शिविर में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की जानकारी दी
सीकर | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को एसके अस्पताल सीकर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पीएलवी सुनीता ने लोगों को कानून द्वारा प्रदत अधिकारों के बारे में बताया। इस अवसर पर बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व विधिक जानकारियां दी गई। कार्यक्रम में कई लोगों की उपस्थिति रही।