छात्रों ने बनाया फ्री एनर्जी रेम पंप
छात्रों ने बनाया फ्री एनर्जी रेम पंप

सीकर | सोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के मैकेनिकल विभाग के छात्र विशाल सैनी, निखिल प्रजापत, नितिन, मनीष प्रजापत तथा सुनील भाकर ने बिना बिजली और ईंधन से चलने वाले पंप का निर्माण किया है। छात्रों ने यह काम प्रो. विक्रमजीत शर्मा के निर्देशन में किया है। फ्री एनर्जी रेम पंप का उपयोग पानी को ऊंचाई तक पहुंचाने में उपयोग लिया जा सकता है। रेम पंप अक्षय प्रौद्योगिकी तकनीक पर आधारित है। यह गतिज ऊर्जा और वाटर हैमर इफेक्ट के सिद्धांत पर काम करता है। कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य और विभागाध्यक्ष ने छात्रों को प्रोजेक्ट निर्माण के प्रेरित किया है।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ न्याय मिले : लक्ष्मनराम विश्नोई
सीकर | जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर की ओर से सांवली कल्याण आरोग्य नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान में विधिक शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट व प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव लक्ष्मनराम विश्नोई के सानिध्य में अन्य सदस्यों ने कानूनी जानकारी दी। विश्नोई ने कहा, समाज के आखिरी व्यक्ति को सुलभ न्याय मिलना चाहिए। प्राधिकरण सदस्य व मानव अधिकार संरक्षण के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता हनुमान सिंह पालवास, प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता राहुल पारीक, अधिवक्ता बजरंग सिंह शेखावत, अधिवक्ता अनुराग शर्मा ने भी विचार रखें।
कर्नाटक में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी
सीकर | कर्नाटक में भाजपा के सबसे अधिक सीटें जीतने पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। जिलाध्यक्ष मनोज सिंघानिया के नेतृत्व में जमकर आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला व्यापार संघ ने एसपी से की आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
सीकर | जिला व्यापार संघ ने व्यापारी से मारपीट कर अश्लील वीडियो बनाने व धमकी देकर 3.70 लाख रुपए ऐंठने की आरोपी सुनीता चौधरी की गिरफ्तारी व लूट की रकम बरामद करने की मांग को लेकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला व्यापार महासंघ के संयोजक रामचंद्र चौधरी ने कहा कि व्यापारी पंकज कुमार को धोखे से घर बुलाकर मारपीट कर अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद 3.70 लाख रुपए डरा-धमकाकर ले लिए। व्यापारियों के साथ आपराधिक घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान महामंत्री प्रदीप पारीक, सुरेंद्र कौशिक, राहुल अग्रवाल, मनोहर अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल मौजूद रहे।
नौ सदस्यों की कमेटी बनाई
रैवासा | 20 मई को दांतारामगढ़ में माकपा का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। इसके लिए माकपा रानोली जोन से भी दो बसे दांतारामगढ़ के लिए लगाई गई है। माकपा रानोली जोन कमेटी के राजेन्द्र बगड़िया ने बताया कि 20 मई को दांतारामगढ़ के गोविंदम मैरिज गार्डन में माकपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा।