पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Sikar
  • कॉलेज में लेक्चरर का ताश खेलना बच्चों के भविष्य को नोंचने जैसा : निदेशक

कॉलेज में लेक्चरर का ताश खेलना बच्चों के भविष्य को नोंचने जैसा : निदेशक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पॉलिटेक्निक कॉलेज से परीक्षा के बाद स्टूडेंट की उत्तर पुस्तिकाएं गायब होने का मामला प्राविधिक शिक्षा मंडल तक पहुंच गया है। निदेशक दरियासिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए कमेटी बनाई गई है। कॉलेज में लेक्चरर और वीक्षकों द्वारा ताश खेलने के मामले को भी गंभीरता से लिया है। इधर, परीक्षा में खुलेआम नकल की शिकायत पर सोमवार को कॉलेज में फ्लाइंग दस्ता पहुंचा। परीक्षा हॉल और कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। प्रिंसिपल और स्टाफ से मामले की जानकारी ली।

प्राविधिक शिक्षा मंडल निदेशक दरियासिंह ने कॉलेज में बरती जा रही लापरवाही पर सोमवार को अधिकारियों से जानकारी ली। स्टूडेंट्स की उत्तरपुस्तिकाएं खोने के मामले के लिए कमेटी बनाने के आदेश जारी किए। निदेशक ने कॉलेज में लेक्चरर द्वारा ताश खेलने के मामले को गंभीरता से लिया। इसे बच्चों के भविष्य को नोंचने जैसा बताया है। उन्होंने इसके लिए कॉलेज प्रिंसिपल की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। इधर, कॉलेज में खुलेआम नकल के मामले को लेकर सोमवार को जयपुर फ्लाइंग दस्ता पहुंचा। फ्लाइंग में अनिल अजमेरा और चेड़वास शामिल थे। उन्होंने परीक्षा हॉल और स्टूडेंट की तलाश ली। कॉलेज में सवालों के जवाब लिखी पर्चियाें के संबंध में वीक्षकों से जवाब मांगा। उन्होंने प्रिंसिपल आरएस बाजिया को नकल रोकने के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। इसके लिए वीक्षकों पर नजर रखने को कहा।

स्टूडेंट को ही जिम्मेदार ठहराने की तैयारी : कॉलेज प्रबंधन और वीक्षक अपनी लापरवाही ढंकने के लिए स्टूडेंट्स को ही उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने के लिए जिम्मेदार ठहराने की तैयारी कर ली। तीनों वीक्षकों ने बयानों में इस संबंध में शक जताया है। हालांकि तीनों वीक्षकों का शक अधिकारियों के गले नहीं उतर रहा है। प्रिंसिपल आरएस बाजिया और परीक्षा प्रभारी मुकेश जैन का मानना है कि कोई स्टूडेंट जानबूझकर अपना और साथी का भविष्य खराब नहीं कर सकता है। वीक्षक बचाव में ऐसा बयान दे रहे हैं।

पॉलिटेक्निक कॉलेज

उत्तर पुस्तिकाएं गायब होने के मामले की जांच के लिए बनाई कमेटी, जयपुर से पहुंचा फ्लाइंग दस्ता, प्रिंसिपल से मांगा जवाब

तीनों वीक्षकों काे लापरवाही पर आज देना होगा जवाब

शुक्रवार को इलेक्ट्रिकल ब्रांच के तृतीय वर्ष का एग्जाम था। एग्जाम में गजानंद कुमावत, शेखर सैनी और महेंद्रकुमार को वीक्षक बनाया गया था, लेकिन तीनों ने परीक्षा हॉल छोड़ दिया। एग्जाम के बाद परीक्षा प्रभारी मुकेश जैन ने उत्तरपुस्तिकाओं की गिनती कराई तो कम निकली। लापरवाही पर तीनों को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा था। मंगलवार को उन्हें जवाब पेश करना होगा।

वीक्षक परीक्षा छोड़कर ताश खेलने और इसके बाद उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने का मामला गंभीर है। वीक्षकों की यह लापरवाही बच्चों का भविष्य नोंचने जैसी है। यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाह वीक्षकों पर कार्रवाई होगी। इसके लिए जांच कमेटी बना दी है। -दरियासिंह, निदेशक प्राविधिक शिक्षा मंडल जोधपुर

सोमवार को फ्लाइंग दस्ते ने कॉलेज का निरीक्षण किया है। नकल का कोई मामला नहीं बना। उत्तरपुस्तिकाएं गायब होने के मामले में तीनों वीक्षकों को मंगलवार तक जवाब पेश करना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - आरएस बाजिया, प्रिंसिपल

खबरें और भी हैं...