खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल ने कहा है कि भाजपा-कांग्रेस के कुछ बड़े दिग्गज नेता उनकी नई पार्टी में आने को तैयार बैठे हैं, लेकिन वे नई बनने वाली पार्टी में चले हुए कारतूसों और जनाधार विहीन नेताओं को जगह देने वाले नहीं हैं। पत्रकार वार्ता में बेनीवाल ने कहा कि सीकर में हुंकार रैली 10 जून को स्टेडियम में होगी। इसमें सात लाख किसान व युवा मौजूद रहेंगे। इससे पूरे प्रदेश की राजनीति की दिशा तय होगी। बेनीवाल ने दावा किया कि विधानसभा चुनावों में जिसे तीसरा मोर्चा समझा जा रहा है, वहीं पहला मोर्चा होगा। किरोड़ी लाल मीणा के बीच रास्ते में साथ छोड़कर भाजपा में चले जाने के सवाल पर बेनीवाल ने कहा कि बीच में उनके साथ छोड़कर जाने को लेकर उनसे अब तक कोई बात नहीं हुई है। भाजपा के आधा दर्जन मंत्री दागदार हैं।
सीकर. हनुमान बेनीवाल का स्वागत करते कार्यकर्ता।
किस मुद्दे पर क्या बोले बेनीवाल
नौकरी : सरकार ने बजट में एक लाख नौकरी निकाली है। सरकार को दो लाख भर्तियां और निकालनी चाहिए।
बिजली थाने : भाजपा विपक्ष में थी, तब उसने बिजली थानों को बंद करने की मांग की थी। यह थाने बंद होने चाहिए।
प्याज का समर्थन मूल्य : सरकार ने प्याज की सरकारी खरीद करने की घोषणा तो कर दी, लेकिन अब तक खरीद शुरू नहीं की है। प्याज का समर्थन मूल्य घोषित करना चाहिए।
लोकायुक्त : लोकायुक्त को एसीबी की तर्ज पर अधिकार दिए जाने चाहिए।