सउदी अरब, दुबई और ईरान का खजूर दो हजार रुपए किलो तक बिक रहा
रमजान में खजूर का विशेष महत्व है। इस्लाम के मुताबिक रमजान में हजरत साहब ने सबसे पहले खजूर से ही रोजा खोला था। इसलिए रमजान में खजूर की अहमियत और भी बढ़ जाती है और ये दिनभर की थकान को पलभर में दूर करने के साथ ही ताकत और ऊर्जा देता है। यही कारण है कि शहर में तमाम जगह फलों की दुकानों पर सामान्य फलों के साथ ही खजूर की कई किस्में मौजूद हैं। शहर के स्टार आइसक्रीम पार्लर के कय्यूम भाई बताते हैं कि बाजार में सौ रुपए से लेकर दो हजार रुपए किलो तक का खजूर मौजूद है। हर किस्म की अपनी अलग खासियत है। इस्लाम में रिवायत में खजूर से रोजा खोलना सुन्नत है। इसलिए इसकी डिमांड रमजान में आम दिनों की अपेक्षा ज्यादा बढ़ जाती है। वहीं सबसे महंगे खजूर अजवा की खासियत भी बताई। दरअसल इसके रोजाना सेवन से कई प्रकार बीमारियां नहीं होती और आम खजूर के मुकाबले ज्यादा ऊर्जा शरीर को देता है। इस बार सउदी अरब, दुबई और ईरान के खजूर की मांग ज्यादा है।