सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग द्वारा 21 से 23 मई तक दिव्यांगों के लिए मेगा सहायता व उपकरण वितरण शिविर का आयोजन होगा। इसमें दिव्यांगों को उपकरणों का वितरण किया जाएगा। जयपुर की महावीर विकलांग सेवा समिति के सहयोग से आयोजित होने शिविर में जिले के 1500 दिव्यांगों को सीधे तौर पर लाभान्वित किए जाने की योजना है। सहायक निदेशक ओमप्रकाश राहड़ ने बताया कि 21 मई को रेलवे सामुदायिक भवन में लगने वाले शिविर का उद्घाटन प्रभारी मंत्री राजकुमार रिणवां व सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के मंत्री अरुण चतुर्वेदी करेंगे। कार्यक्रम में कलेक्टर नरेश ठकराल व जिले के विधायक विशिष्ट अतिथि होंगे। शिविर में महावीर विकलांग सेवा समिति जयपुर द्वारा दिव्यांगों को विभिन्न प्रकार के उपकरण वितरित किए जाएंगे। कैलीपर, बैसाखी, ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र, 60 जयपुर फुट भी दिए जाएंगे। दिव्यांगों को स्वरोजगार की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। राहड़ ने बताया कि शिविर में आने वाले दिव्यांगों के मेडिकल प्रमाण पत्र, विभिन्न योजनाओं में पंजीयन, आवेदन, रोडवेज पास, मेडिकल प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
दो महीने बाद शिविर में देंगे 13 स्कूटी : जिले के 13 दिव्यांग विद्यार्थियों को चयन के दो महीने बाद शिविर में ही 13 स्कूटी वितरित की जाएगी। राहड़ ने बताया कि 13 दिव्यांग विद्यार्थियों को स्कूटी देने के लिए 15 मार्च को कलेक्टर से लाॅटरी निकलवाई गई थी।