रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा देशभर में करीब 90 हजार पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने वाले देशभर के 2 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों को अब रेलवे भर्ती परीक्षा का इंतजार है। रेलवे ने अब तक इस भर्ती के लिए तिथि की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह में रेलवे इन पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा की तिथि की घोषणा कर सकता है।
रेलवे ने ग्रुप डी के 62 हजार 502 और सहायक लोको पायलट समेत विभिन्न संवर्ग के 26 हजार 907 पदों की भर्ती निकाली थी। इसके लिए 31 मार्च 2018 तक ऑनलाइन आवेदन भराए गए थे। देश में रेलवे में अब तक की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों के बैठने का भी रिकॉर्ड कायम होने के आसार नजर आ रहे हैं।
26502 पदों के लिए 40 लाख से अधिक अभ्यर्थी | इधर, बोर्ड द्वारा दूसरी भर्ती सहायक लोकाे पायलट व तकनीशियन के 26 हजार 502 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन भराए गए हैं। इन पदों के लिए भी रेलवे भर्ती बोर्ड को 40 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं।
ग्रुप डी में 1.8 करोड़ से अधिक अभ्यर्थी
रेलवे भर्ती बोर्ड ग्रुप डी के 62 हजार 902 पदों पर भर्ती के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करेगा। इन पदों के लिए बोर्ड को देश भर में 1 करोड़ 80 लाख से अधिक आवेदन मिल चुके हैं। बोर्ड द्वारा हेल्पर इन इलेक्ट्रिकल वर्कशॉप, हेल्पर सामान्य सेवाएं, हेल्पर पावर ट्रेन लाइटिंग, हेल्पर टी आर डी, हेल्पर टी आर एस, हेल्पर ब्रिज, हेल्पर सिविल, हेल्पर टॉक मशीन, हेल्पर पी वे, हेल्पर वर्क्स, टाक मेंटनर ग्रेड चतुर्थ, हेल्पर मैकेनिकल, हेल्पर डीजल, हेल्पर सिग्नल, हेल्पर टेलीकम्यूनिकेशन, हेल्पर मेडिकल, हेल्पर कैरैज व वैगन, हेल्पर एस एंड टी, अस्पताल अटेंडेंट, सहायक पॉइंट्स मैन, गेटमैन, हम्माल, पोर्टर, स्वीपर आदि के पदों पर भर्ती की जानी है।
चयन प्रक्रिया क्या रहेगी | उम्मीदवारों का चयन कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबी टी, प्रथम और द्वितीय स्टेज) के तहत होगा। सीबी टी सहायक लोको पायलट और टेक्नीशियन दोनों पदों के लिए यह परीक्षा होगी। वहीं सहायक लोको पायलट उम्मीदवारों को सेकेंड स्टेज सीबी टी क्वॉलिफाई करने के बाद कम्प्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (एटी) भी देना होगा। पहले स्टेज की परीक्षा में लिखने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। पहले स्टेज की परीक्षा क्वॉलिफाई करने वाले उम्मीदवार दूसरे स्टेज में बैठ पाएंगे। यह परीक्षा 2 घंटे 30 मिनट की होगी और प्रश्न पत्र दो खंड में ए व बी में विभाजित होगा।
अगले सप्ताह आ सकती है तिथि | रेलवे के लिए यह परीक्षा एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आ रही है। अभी रेलवे ने इन पदाें पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली ऑन लाइन परीक्षा की तिथि तय नहीं की है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अगले सप्ताह में तिथि तय की जा सकती है।
जेईई एडवांस परीक्षा 20 को, 1.64 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे
भास्कर संवाददाता | सीकर
आईआईटी में बीटेक दाखिले के लिए 1 लाख 64 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं 20 मई को जेईई-एडवांस्ड परीक्षा देंगे। पूरी तरह कंप्यूटर आधारित इस परीक्षा में आईआईटी बॉम्बे जोन से 28 हजार 813 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार आईआईटी-मद्रास जोन से सबसे अधिक 38 हजार 321 और सबसे कम कानपुर जोन से 20,428 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 और दोपहर 2 से शाम 5 बजे की पारी में होगी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत जेईई रजिस्ट्रेशन के प्रिंट आउट के साथ छात्र-छात्राएं अपने शहर में किसी भी केंद्रीय विद्यालय या जवाहर नवोदय विद्यालय जाकर वहां मौजूद कंप्यूटर का कुछ समय तक इस्तेमाल कर टेस्ट की प्रैक्टिस कर सकते हैं।
यह जानना जरूरी | हर सवाल के जवाब के लिए पांच विकल्प होंगे। लॉग-इन आईडी और पासवर्ड कंप्यूटर में दर्ज करने होंगे। रोल नंबर आईडी का काम करेगा। जबकि डेट ऑफ बर्थ पासवर्ड होगी। एग्जाम के दौरान हर छात्र को पूरे 180 मिनट मिलेंगे। माउस या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण दिक्कत आती है तो समय की गणना रुक जाएगी। तकनीकी दिक्कत दूर होते ही काउंटिंग फिर शुरू होगी।
कहां कितने अभ्यर्थी
आईआईटी बॉम्बे 28,813
आईआईटी दिल्ली 31,884
आईआईटी गुवाहाटी 11,907
आईआईटी कानपुर 20,428
आईआईटी खड़गपुर 19,145
आईआईटी मद्रास 38,231
आईआईटी रुड़की 14,414
कुल 1,64,822