लक्ष्मणगढ़ से तीन फरवरी को लापता हुई नाबालिग का तीन महीने बाद भी कोई सुराग नहीं लगने से नाराज संत लाघुनाथ नायक सेवा संस्थान ने पुलिस अधीक्षक को शुक्रवार को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। नायक समाज ने सात दिन में कार्रवाई नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की बात कही है।
नायक समाज के प्रदेश अध्यक्ष सीताराम नायक के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि नायक समाज की नाबालिग तीन फरवरी को पानी लाने गई थी, तब सीकर का कमल बावरी उसका अपहरण कर ले गया। परिजनों द्वारा नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट नौ फरवरी को लक्ष्मणगढ़ थाने में दर्ज करवा दी गई थी।, लेकिन पुलिस के कार्रवाई नहीं किए जाने से दलित समाज में काफी राेष है। नायक ने बताया कि एसपी ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है। नायक ने चेताया कि प्रशासन ने सात दिन में कार्रवाई नहीं की तो नायक समाज को बड़ा आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में बसपा जिला अध्यक्ष धर्मसिंह तानाण, लक्ष्मणगढ़ नायक समाज के महावीर नायक, बसपा जिला प्रभारी भंवरलाल दानोदिया, जिला सचिव मातादीन सैनी, महावीर प्रसाद नायक, बजरंगलाल नायक, सतपाल नायक, नंदकिशोर नायक, औंकारमल नायक, सुभाष नायक मौजूद थे।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की ब्रांड एंबेसडर की गुहार भी अनसुनी
बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड एंबेसडर रचना ढाका ने लक्ष्मणगढ़ से नाबालिग बच्ची के अपहरण होने को लेकर पुलिस से कई बार गुहार लगाई, लेकिन पुलिस अब तक नाबालिग का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। ढाका ने बताया कि सरकार एक ओर बेटियों को सुरक्षित करने की बात कहती है, वहीं तीन महीने से लापता हुई नाबालिग का पुलिस सुराग भी नहीं लगा पा रही है। ढाका ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी के रिश्तेदार ने बदमाशों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के साथ केस वापस लेने को लेकर मारपीट की, वहीं उनकी डेढ़ साल की मासूम बेटी को नुकीले कांच पर पटक दिया। ढाका ने बताया कि सात मई को इस मामले को लेकर लक्ष्मणगढ़ पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया था, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ढाका ने आरोप लगाया कि नाबालिग का अपहरण करने वाले पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं।
लक्ष्मणगढ़ के नेशनल हाईवे पर डेरे में रहने वाले एक व्यक्ति की 14 साल की नाबालिग बेटी तीन फरवरी को पानी लाने के दौरान लापता हो गई थी। पीड़ित परिवार ने नौ फरवरी को सीकर के कमल बावरी पर अपनी नाबालिग बेटी का अपहरण कर ले जाने का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद सात मई को अपहरण के आरोपी के रिश्तेदारों ने बदमाशों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार को केस वापस लेने के लिए धमकाया था। नहीं मानने पर उसकी डेढ़ साल की मासूम को कांच के ढेर पर पटक कर घायल कर दिया। इस घटना को लेकर भी पीड़ित परिवार ने लक्ष्मणगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित परिवार और ब्रांड एंबेसडर का आरोप है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।