सीकर | मोचीवाड़ा के बुच्याणी मोहल्ले में दो पक्षों के बीच शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद शांतिपूर्ण माहौल है। फिलहाल इलाके में किसी भी अनहोनी की घटना को देखते हुए आरएसी व पुलिस का जाप्ता तैनात किया गया है। वहीं रविवार को शांति समिति की बैठक भी बुलाई गई। बैठक में दोनों पक्षों के लोग शामिल हुए। किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट नहीं आने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच में समझाइश कर पाबंद कर दिया। वहीं पुलिस ने देर रात को दोनों पक्षों के इस्लामुद्दीन, मुश्ताक अहमद, आबेद तगेलान, इस्माइल, शौकत, इलियास, शाकिर, इकराम व दूसरे पक्ष के विकास, विकास, दुर्गा प्रसाद, जगदीश, प्रमोद, किशोर, मोहित, हितेश, दीपक को गिरफ्तार किया था। जिन्हें 50 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया गया। घटना के बाद रातभर पुलिस का जाप्ता सुरक्षा के लिहाज से तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर देर रात तक मॉनिटरिंग करते रहे थे।