स्कूटी फिसलने के बाद बुजुर्ग की मदद के बहाने ले उड़ा स्कूटी
एसके अस्पताल के सामने स्कूटी फिसलने के बाद बुजुर्ग की मदद के बहाने युवक स्कूटी उड़ा ले गया। बुजुर्ग ने कोतवाली थाने में स्कूटी चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। बाद में बुजुर्ग को नवलगढ़ रोड पर लावारिस अवस्था में खड़ी स्कूटी मिल गई। बालकिशन सैनी निहित अस्पताल के पास देवीपुरा में रहते हैं। वे स्टेशन के पास स्कूटी लेकर गए थे। बाद में वापस घर लौटते समय एसके अस्पताल के सामने हल्की सी टक्कर लगने के बाद स्कूटी फिसल गई और वे सड़क पर नीचे गिर गए। वहां पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, तभी एक युवक आया और बोला कि उठो अंकल मैं आपकी मदद करता हूं। उनकी मदद करने के बहाने युवक स्कूटी को उठाकर साइड में खड़ा करने लगा। इसके बाद युवक मौका देखकर स्कूटी को ले भागा। बुजुर्ग बालकिशन सड़क से उठकर साइड में आए तो देखा कि युवक स्कूटी को तेजगति से ले भागा। वे उसे देखते ही रह गए। इसके बाद उन्होंने घर पर पहुंच कर घटना के बारे में बताया और फिर कोतवाली थाने में स्कूटी चोरी का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करा दी। इसके बाद युवक स्कूटी को नवलगढ़ रोड पर लावारिस खड़ी कर चला गया। शाम को उन्हें किसी ने सूचना दी कि उनकी स्कूटी नवलगढ़ रोड पर खड़ी है। इसके बाद वे स्कूटी को जा कर ले आए। पुलिस ने स्कूटी को फिलहाल थाने में खड़ी करवा लिया है।