कस्बे के सरकारी अस्पताल के प्रभारी ने अपनी निजी गाड़ी अस्पताल में लगे वाटर कूलर के ठंडे पानी से कर्मचारियों से धुलवाई तो इसका फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट हो गया। इसके बाद लोगों ने इसकी निंदा की और जमकर कमेंट किए। कस्बे के सीएचसी पर शनिवार सुबह करीब 9 बजे अस्पताल के मुख्य द्वार पर लगे वाटरकूलर के पानी से अस्पताल में संविदा पर लगे कुछ सफाई कर्मचारी एक गाड़ी को धो रहे थे।काफी देर तक जब गाड़ी की धुलाई चलती रही तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने गाड़ी मालिक के बारे में पूछा तो कर्मचारियों ने इसे अस्पताल प्रभारी डॉ केशराम मीणा की गाड़ी बताया।इसके बाद कुछ लोगों ने इसका फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर डाल दिया। लोगों का कहना था कि वैसे ही अस्पताल में मरीजों के लिए पानी की किल्लत रहती है और यहां पद का दुरुपयोग कर ठंडे पानी से गाडिय़ां धुलवाई कर जमकर पानी व्यर्थ बहाया जा रहा है। दिन भर सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर कमेंट किए। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ केशराम मीणा ने बताया कि उनकी गाड़ी पर एक मरीज ने उल्टी कर दी थी। जिसे धुलवाया था। कुछ लोग वेवजह मामले को तूल दे रहे है। पानी और कर्मचारियों का कभी भी दुरुपयोग नहीं किया।
सीकरी. अस्पताल के मुख्यद्वार पर डॉ. की गाड़ी धोते सफाईकर्मी।