डीप बोरिंग कर रही दो गाड़ियों को पकड़ा, काम बंद कराया
बुढ़ाआम, लोटा, सारजमडीह व सुरगुजाडीह आदि गांवों के ग्रामीणों ने रांची-पुरुलिया मार्ग स्थित प्लाट पर मंगलवार की रात में डीप बोरिंग करने के काम को रुकवा दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ माह पूर्व पटना के अशोक सिन्हा ने 8.26 एकड़ के इस प्लाट को कोलकाता के एक बंगाली परिवार से खरीदने का दावा कर उसपर बाउंड्री कराई है। सिन्हा ने इस जमीन की देखरेख के लिए इरशाद नाम के व्यक्ति को केयर टेकर बना रखा है।
बताया जा रहा है कि इस जमीन पर मदरसा बनाने की तैयारी है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इस जमीन पर दो डीप बोरिंग किया गया है। इसके बावजूद मंगलवार की रात को चार और डीप बोरिंग किए जा रहे थे। जानकारी मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और डीप बोरिंग का काम बंद करा दिया। इसके बाद बोरिंग करने आई दोनों गाड़ियों को रातभर बाउंड्री के अंदर ही रोके रखा। बुधवार सुबह सिल्ली पुलिस ने दोनों गाड़ियों को छुड़ाया। इधर, डीप बोरिंग करनेवाले ब्रोकर लगाम निवासी दशरथ कोईरी ने बताया कि रामेश्वर महतो से चार डीप बोरिंग कराने की बात हुई थी, इसी लिए अभी दो बोरिंग गाड़ी लेकर आए थे। लेकिन, हमको क्या पता था कि यहां मामला कुछ और है। रातभर परेशान रहे। वहीं, रामेश्वर महतो ने बताया कि मदरसा की जानकारी हमें नहीं है। बोरिंग के लिए हमें बुलाया गया था। मुंशी गणेश महतो से जब इस संबंध में जमीन मालिक अशोक सिन्हा या केयर टेकर इरशाद से बात कराने को कहा गया, तब उसने दोनों को कई बार फोन किया, पर किसी ने फोन नहीं रिसीव किया। फोन ऑफ कर लिया।