पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • गोमिया सिल्ली में विपक्ष का महागठबंधन नहीं महाठगबंधन

गोमिया-सिल्ली में विपक्ष का महागठबंधन नहीं महाठगबंधन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गोमिया और सिल्ली के विधानसभा उप चुनाव में विपक्ष का महागठबंधन नहीं महाठगबंधन है। वोटरों के ठग कर उनका वोट हासिल करने के लिए वे एकजुट हुए हैं। विपक्ष का चरित्र है सुबह में एक होना और शाम होते ही जुदा-जुदा। गोमिया के विकास की इनको चिंता नहीं, ये 2019 में महागठबंधन कैसा होगा, इसके टेस्ट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इन अवसरवादी ताकतों को सबक सिखाना जरुरी है। गोमिया विधानसभा क्षेत्र में तीन दिनों के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को वे चुनावी सभा में बोल रहे थे।

उन्होंने अपनी सरकार के सवा तीन साल की मेहनत और उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि झारखंड में जो काम 14 साल में नहीं हुए वह हमने सवा 3 साल में कर दिखाया है। राज्य को विकास के मामले में बहुत आगे बढ़ा दिया है। आज झारखंड के लोग कहीं भी गर्व के साथ कहते हैं कि वे झारखंडी हैं। गोमिया विधानसभा क्षेत्र में भी सरकार ने सवा 3 साल में 750 करोड़ रुपए की योजना धरातल पर उतारा। यह उप चुनाव गोमिया के विकास का भविष्य तय करेगा। आजादी के बाद से ही कांग्रेस पार्टी ने सिर्फ लूटने का काम किया है। चुनाव के वक्त ये जेएमएम और कांग्रेस वाले आते हैं। जनता को चुनावी लालच देते हैं और वोट ले जाते हैं। ऐसी पार्टियों से बचिए।

भाजपा प्रत्याशी माधव लाल सिंह ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद गोमिया विधानसभा क्षेत्र के अधूरे विकास कार्य को पूर्ण करने का कार्य तेज गति से किया जाएगा। इस अवसर पर सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, विधायक अनंत ओझा, जानकी यादव, योगेश्वर प्रसाद बाटुल, ढुल्लू महतो ने भी विचार रखे।

बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स

बूथ स्तर के कार्यकर्ता थोड़ी और मेहनत कर दें तो यहां जीत हमारी झोली में होगी। ये बातें गोमिया के होसिर में मुख्यमंत्री ने कही। वे पंचायत स्तरीय, बूथ स्तरीय एवं मंडल स्तरीय कार्यकर्ताओं को टिप्स दे रहे थे। कहा कि पार्टी की बुनियाद उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता मजबूत होंगे तो पार्टी भी मजबूत होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि गोमिया की दशा सुधारने के लिए सभी लोग एकजुट हो जाएं।

खबरें और भी हैं...