भास्कर न्यूज | सोनाहातू/सिल्ली
आजसू पार्टी के सिल्ली स्थित प्रधान कार्यालय परिसर में शुक्रवार को सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों की महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मरांकिरी चरकूडीह के सीपीआई नेता भरत महतो ने इन महिलाओं का नेतृत्व किया। आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने इन महिलाओं का पार्टी में स्वागत किया।
मौके पर उन्होंने कहा कि सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में मेरी लड़ाई विकास विरोधी ताकतों से है। सिल्ली ने कई मामलों में अपनी पहचान देश स्तर पर बनाई है। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र का यह चुनाव राज्य मेंे 2019 के विधानसभा चुनाव का भविष्य तय करेगा। सिल्ली के विकास के लिए, राज्य के बेहतर भविष्य के लिए, उन्होंने अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम में आजसू के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
उधर, आजसू पार्टी के प्रत्याशी सुदेश महतो ने शुक्रवार को राहे प्रखंड के नुरू एनावाडीह, इडिसेरेंग, नावाटोला, पुरनाडीह, कोन्टाटोली, रामडेरा, कोचेटोला, सेरेंगडीह, चैनपुर आदि गांवों में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित किया। गांवो में आयोजित चुनाववी सभाओं में सुदेश महतो ने कहा कि यह उप चुनाव सिल्ली की पार्टी और माटी के स्वाभिमान की लड़ाई है। यह लड़ाई है, विकास विरोधी ताकतों से जो सिल्ली की उन्नति में बाधक बने हुए हैं। झूठ की बुनियाद पर गांवों और समाज को बांटनेवाली ताकतों को जवाब देने के लिए ग्रामीणों को एकजुट होने की जरूरत है। सीएनटी की अवहेलना करने वाली पार्टी के नेता क्षेत्र के लोगों को सीएनटी की दुहाई देकर भ्रमित करने का प्रायस कर रहे हैं। यह उपचुनाव एक मौका है, झारखंड के सभी राजनीतिक दलों को एक साथ हराने का। लोग इनकी कार्यशैली का जवाब वोट के द्वारा दंे। सभा में राहे की जिला परिषद सदस्य रजिया खातून समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। चुनावी सभा के दौरान कई लोगों ने आजसू की सदस्यता ग्रहण की।
राहे में चुनाव सभा को संबोधित करते सुदेश कुमार महतो।