सफाई कामगारों की हड़ताल से सफाई व्यवस्था ठप
नगर परिषद के सफाई कामगार अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले एक सूत्रीय मांग को लेकर बीते छह दिनों से कामबंद हड़ताल पर हैं। कामगारों का कहना है कि मांगे पूर्ण होने पर ही हड़ताल खत्म की जाएगी। सफाई न होने से नागरिकों में प्रशासन के प्रति असंतोष बना हुआ है।
एक सूत्रीय मांग को लेकर सफाई कामगारों के हड़ताल पर चले जाने से नगर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई है। छह दिनों से सड़कों व नालियों की सफाई नहीं हुई है। सफाई कार्य न होने से सड़कों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है। नालियां गंदगी से लबालब भर गई हैं। नालियों की गंदगी सड़कों पर बहने लगी है। हड़ताल समाप्त कराने तथा सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
आज होगी प्रदेश कार्यालय में मीटिंग: अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के तहसील अध्यक्ष द्वारका प्रसाद सियोते ने बताया कि जिले की समस्त नगरीय निकाय के सफाई कामगार यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक संगठन के प्रदेश कार्यालय में होगी। आंदोलन की मांग पर चर्चा की जाकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। नप अध्यक्ष मुकेश राय ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों तथा नागरिकों को हो रही परेशानी से कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया है। शीघ्र ही मामले का समाधान निकलने की संभावना है।
कार्रवाई जल्द पूरी होगी
इस संबंध में सीएमओ संतोष रघुवंशी का कहना है कि नगरीय निकाय के तय नियमों के तहत वर्ष 2007 के मई माह की 15 तारीख तक के 12 कर्मचारियों को विनियमित किए जाने की कार्रवाई शासन स्तर लंबित है जो कि शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगी। शेष सफाई कामगार 2009 से काम कर रहे हैं। इन सभी के प्रस्ताव फरवरी में नगरीय निकाय को भेज दिए गए है जो कि शासन स्तर पर लंबित हैं। निकाय स्तर पर कोई भी कार्रवाई लंबित नहीं है।
एसडीएम को ज्ञापन देकर युवाओं ने दी तालाबंदी की चेतावनी।
सफाई कराओ नहीं तो नप कार्यालय में डाल देंगे ताला
हड़ताल के कारण अस्त व्यस्त हुई सफाई व्यवस्था से परेशान नगर के अनेक युवाओं ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। एसडीएम अनिल जैन को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि नप के सफाई कामगार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस कारण सड़कों नालियों की सफाई नहीं हो रही है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि 3 दिन में सफाई व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाया गया तो नप कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में विनय जैन, दीपक साहू, वैभव जैन, आशीष जैन, चांद खां, देशबंधु कुशवाह, मुन्ने खां, काशीराम, लकी जैन आदि प्रमुख है।