सिलवानी| तहसील के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोजनीधाम में 51 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ, संगीतमय रामकथा, प्रवचन व रामलीला का आयोजन यज्ञकर्ता रामदास त्यागी महाराज के सानिध्य में किया जा रहा है। 16 मई से प्रारंभ हुए यज्ञ कार्यक्रम के तहत शनिवार को यज्ञ शाला में पंडित रामजी उपाध्याय बीकलपुर द्वारा हवन, पूजन आदि अनुष्ठान कराए गए। चौथे दिन यज्ञ में आहुतियां देकर देवताओं का आव्हान किया गया। सैंकड़ों की संख्या में सोजनीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं द्वारा यज्ञशाला की परिक्रमा की गई। यज्ञ स्थल पर मेला जैसा माहौल बना हुआ है। कार्यक्रम स्थल के पास ही प्रसाद, कपड़ा, चूड़ी, कंगन, कपड़ा, जनरल सामग्री सहित अन्य सामग्री की दुकानें भी लगी हुई हैं। जहां पर सर्वाधिक महिला ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। प्रथम वार सोजनीधाम में 51 कुण्डीय महायज्ञ का आयोजन किया गया हे। कार्यक्रम में पुण्य लाभ अर्जित करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।