सिलवानी| अवैध शराब के विक्रय पर रोक लगाने तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई का ढिंढोरा पीटने वाली पुलिस व आबकारी अमले की नाक के नीचे से शराब ठेकेदार अवैध रूप से गांव-गांव में शराब सप्लाई कर बिकवा रहे हैं। रात के अंधेरे में गांव गांव शराब पहुंचाने का काम ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। तहसील के गावों में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का विक्रय धड़ल्ले से किया जा रहा है। गांव मुआर, बेंगवां, चीचोली, भानपुर, कोटा पटना, चून्हेटिया आदि एेसे गांव हैं जहां खुले आम अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है। सिलवानी से ही एजेंटों के जरिए गांवों मे अवैध शराब पहुंचाई जाती है।
हनुमान तथा जैन मंदिर के पास खुली दुकानें : हाईवे क्रमांक 44 पर सड़क किनारे ही अंग्रेजी शराब की दुकान है। जबकि सड़क से करीब 15 मीटर दूरी पर देशी शराब की दुकान है। दोनों दुकानों के पास जैन मंदिर तथा हनुमान मंदिर हैं। दोना ही धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। वहीं हनुमान मंदिर की छत पर शराब की खाली बोतलें भी पड़ी रहती हैं। जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रहीं हैं।
ढाबों पर बिक रही है शराब : स्टेट हाईवे पर स्थित ढाबों पर भी खुले आम अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है।