बानो थाना क्षेत्र के बुमुल्डा जंगल में शनिवार की शाम पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। यह बातें एसपी संजीव कुमार ने रविवार को अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कही। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बुमुल्डा जंगल में पीएलएफआई के एरिया कमांडर विजय डांग अपने दस्ता सदस्यों के साथ ठहरा हुआ है।
इस सूचना पर तत्काल छापेमारी दल का गठन करते हुए टीम को बुमुल्डा जंगल की तरफ भेजा गया। जंगल में पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भारी पड़ता देख पीएलएफआई उग्रवादी भाग खड़े हुए और घटनास्थल से दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा निवासी नितेश तिर्की और केरसई थाना क्षेत्र के ढिंगुरपानी निवासी विल्सन होरो शामिल हैं। एसपी ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पीएलएफआई उग्रवादियों के साथ दूसरी बार मुठभेड़ की घटना हुई है। यह पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि है। किसी भी हाल में जिले में पीएलएफआई उग्रवादियों को पनपने नहीं दिया जाएगा तथा दिसंबर माह के अंत तक पीएलएफआई उग्रवादियों को जिले के खत्म किया जाएगा। एसपी ने कहा कि पीएलएफआई पूरी तरह से जिले में कमजोर हो चुका है और जल्द ही एरिया कमांडर विजय डांग सहित अन्य उग्रवादी पकड़े जाएंगे या मारे जाएंगे। एसपी ने दोनों उग्रवादियों की गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी बताया है।
गिरफ्तार उग्रवादियों में शामिल हैं छत्तीसगढ़ के जशपुर के नितेश तिर्की और केरसई के ढिंगुरपानी के विल्सन होरो
प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद एसपी व अन्य।
उग्रवादियों के पास से मिले ये हथियार
गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से कई हथियार मिले हैं। जिसमें सात देशी कट्टा, 315 बोर का 15 कारतूस, 7.62 एमएम का 35 कारतूस, एके 47 का 25 गोली, एके 47 का चार खोखा, 17 मोबाइल सेट, तीन चटाई, एक पिट्ठू, तीन बैग बरामद किए गए हैं। एसपी ने कहा कि गिरफ्तार हथियार के आधार पर यह लगता है कि दस्ते में कुल सात आठ सदस्य शामिल थे और दस्ता सदस्य के पास एके 47 हथियार भी रहा होगा।
उल्सन को सौंपी गई थी भर्ती की जिम्मेवारी
बताया जाता है कि गिरफ्तार उग्रवादी नितेश तिर्की छह माह पूर्व ही संगठन में शामिल हुआ था। नितेश को छह माह में संगठन की ओर से केवल दस हजार रुपए दिए गए थे। जिसे वह अपना घर भेज पाया था। एसपी ने बताया कि नितेश छत्तीसगढ़ का रहने वाला है तथा पीएलएफआई अब पड़ोसी राज्यों से भी युवकों को बहला फुसलाकर संगठन में शामिल करा रहा है। वहीं उल्सन होरो युवकों को संगठन में भर्ती करने का काम करता है। बताया गया कि हाल के दिनों में उल्सन ने पांच लोगों को संगठन में शामिल किया है। उल्सन पर युवकों को उग्रवादी संगठन में भर्ती करने की जिम्मेवारी संगठन ने सौंपी है।
उग्रवादियों के लिए सेफ जोन था घटनास्थल
पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच जिस स्थान पर मुठभेड़ हुई वह स्थान खाेहनुमा था। वहां तक पुलिस को पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अगर पुलिस सावधानी से मुठभेड़ नहीं करती हो नुकसान भी उठाना पड़ सकता था। एसपी ने बताया कि जिस स्थान पर उग्रवादी ठहरे हुए थे वह उग्रवादियों के लिए काफी सुरक्षित माना जाता है। एसपी ने कहा कि ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाएगा।