रानी मिस्त्री को 250 रुपए प्रतिदिन की दर से मजदूरी दी जाएगी
भास्कर न्यूज | सिमडेगा
जिले की रानी मिस्त्रियों को अब प्रधानमंत्री अावास बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पाकरटांड प्रखंड के पंचायत भवन में 20 मई को प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बीडीओ आफताब आलम की उपस्थिति में शुरू हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम में रानी मिस्त्रियों को बताया गया कि उन्हें 45 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद वे मकान निर्माण में भी दक्ष हो जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान हर रानी मिस्त्री को 250 रुपए प्रतिदिन की दर से राशि दी जाएगी।
इधर प्रशिक्षण को लेकर रानी मिस्त्रियां काफी उत्साहित दिखीं। बीडीओ ने कहा कि जिले की महिलाओं ने स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। महिलाओं के सहयोग से ही जिले के विभिन्न प्रखंडों में शौचालय निर्माण का कार्य सफल हुअा है और जिले को ओडीएफ घोषित किया गया है। महिलाओं के इसी योगदान के कारण सिमडेगा डीसी ने उन्हें रानी मिस्त्री का संबोधन दिया और पूरे राज्य में इस संबोधन को अपनाया गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं जिले की दशा और दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं और उन्हाेंने स्वच्छता अभियान में क्षमता को साबित भी कर दिया है। इधर रानी मिस्त्रियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के साथ ही वे अब गांवों में भी आवास निर्माण का कार्य करेंगी। रानी मिस्त्रियों का नेतृत्व कर रही अनिता बा ने कहा कि रानी मिस्त्री आने वाले दिनों में राजमिस्त्री के समान कार्य करेंगी।
रानी मिस्त्रियों को आवास निर्माण स्थल में ले जाकर निर्माण कार्य की बारीकियों के बारे में बताया गया। इस मौके पर सलील डांग सहित कई लोग मौजूद थे।