भास्कर न्यूज | बानो/सिमडेगा
बानो थाना क्षेत्र के बड़ोमदा इलाके में शनिवार को पीएलएफआई उग्रवादियों से मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान में पुलिस ने छह पिस्तौल और 50 गोलियां भी बरामद की है। एसडीपीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि सुबह में एसपी संजीव कुमार को पीएलएफआई के बानो इलाके में मूवमेंट की सूचना मिली थी। जानकारी मिली थी कि पीएलएफआई का एरिया कमांडर विजय डांग कानारोंवा पंचायत के बड़ोमदा इलाके में पहुंचा है। इसके बाद एसपी ने अभियान एसपी निर्मल गोप के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस का दल बनाकर घेराबंदी कराई। दोपहर बाद शाम करीब चार बजे बड़ोमदा स्थित जंगल में जब पुलिस पहुंची, तो पीएलएफआई दस्ते से आमना-सामना हुआ और दोनों ओर से गोलियां चलीं। पुलिस काे भारी पड़ता देख उग्रवादी दस्ता जंगलों में भाग गया। इस बार भी पीएलएफआई कमांडर डांग पुलिस को चकमा देकर निकल गया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया तथा दो उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया। छह पिस्तौल तथा 50 से ज्यादा गोलियां भी बरामद की गईं। पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए उग्रवादियों के नाम का खुलासा अभी पुलिस ने नहीं किया है। एसपी ने छापेमारी के लिए अभियान एसपी निर्मल गोप के साथ सीआरपीएफ कमांडेंट धनजीव कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, बानो के थाना प्रभारी महेंद्र दास, महाबुआंग थाना प्रभारी रविंद्र और गिरदा प्रभारी जोन मुर्मू को शामिल करते हुए टीम बनाई थी।