शहर के सलडेगा स्थित बिरसा आवासीय विद्यालय में शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाल प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। अभिभावकों ने उनकी प्रस्तुति को काफी सराहा। इस मौके पर मुख्य अतिथि डीईओ नीरू पुष्पा टोप्पो ने कहा कि पढ़ाई के साथ अन्य सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों के प्रति बच्चों की रूचि विकसित करना अच्छी बात है। बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होना चाहिए।
उन्होंने बच्चों के नृत्य, नाटक आदि की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गर्मी की छुट्टी हो रही है। बच्चे इस समय का सदुपयोग करें। वे ऐसे कार्य करें जिससे उनके व्यक्तित्व में कुछ सकारात्मक बदलाव आए। इससे पहले पारंपरिक लाेक नृत्य के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। प्राचार्या कृति अर्चना ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाता है।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई करने के साथ यह भी ध्यान रखें कि उनमें अच्छे गुण आएं और वे देश के अच्छे नागरिक बनें। शिक्षा का मतलब सिर्फ ज्ञानी बनना ही नहीं बल्कि अच्छा इंसान बनना भी है। शंभू सिंह ने बच्चों से कहा कि वे गर्मी की छुट्टी में अपनी पढ़ाई जारी रखें। विद्यालय में जो गृह कार्य दिए गए हैं उसे पूरा करें और अबतक जितनी पढ़ाई हुई है उसे दोहरा लें। इस मौके पर छात्र-छात्राओं के अलावा काफी संख्या में अभिभावक व शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।