मुख्यमंत्री रघुवर दास 23 मई को बीरू ग्रिड का उदघाटन करेंगे। इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सीएम के आगमन के मद्देनजर शुक्रवार को उपायुक्त जटाशंकर चौधरी और एसपी संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने बीरू ग्रिड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। अधिकारियों ने बीरू ग्रिड के उदघाटन के लिए कार्यक्रम स्थल, मंच एवं अन्य तैयारियों के बारे विमर्श किया तथा उपयुक्त स्थान देखा। बीरू ग्रिड में जनता के साथ सीएम के संवाद कार्यक्रम के लिए पंडाल बनाने पर भी विमर्श हुआ। ग्रिड के नजदीक ही मंच का निर्माण करने पर भी विमर्श किया गया। इस संबंध में विधायक विमला प्रधान ने कहा कि 23 मई को मुख्यमंत्री का बीरू अाना तय है। उनकी सीएम से फोन पर बात हुई है तथा उन्होंने मुख्यमंत्री से सिमडेगा में विद्युत अधिकारियों-कर्मचारियों के खाली पदों को भरने एवं बीरू ग्रिड में भी समुचित संख्या में कर्मचारी बहाल करने की मांग की है। इसके अलावा सिमडेगा में ट्रांसफार्मर के स्टोर के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी मांग की है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री से उन्होंने सिमडेगा जिले में और ग्रिड बनाने की मांग उठाई है और सीएम ने उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया है। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू भी उपस्थित थे।
बीरू ग्रिड का निरीक्षण करते डीसी और एसपी।
एसपी ने ली सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी
ग्रिड में सीएम के कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा के दौरान एसपी ने सुरक्षा के लिहाज से कई जानकारी लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम के दौरे को देखते हुए जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इस मौके पर एसडीपीओ अमित कुमार, अनूप प्रसाद, जिला बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष दुर्ग विजय सिंहदेव सहित ग्रिड के अधिकारी मौजूद थे।