पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मलेरिया नियंत्रण में ग्रामीणों का सहयोग जरूरी, घर घर कराएं डीडीटी का छिड़काव

मलेरिया नियंत्रण में ग्रामीणों का सहयोग जरूरी, घर-घर कराएं डीडीटी का छिड़काव

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले को मलेरिया रोग से मुक्त करने के लिए विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। जिले में होने वाले प्रथम चरण के डीडीटी छिड़काव अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। सिविल सर्जन डा. एजाज अशरफ ने शहरी क्षेत्र के खिजरी के एक घर में डीडीटी का छिड़काव कर अभियान की शुरुआत की। जिला मलेरिया पदाधिकारी सुखदेव भगत ने स्प्रे कर डीडीटी का छिड़काव किया। सिविल सर्जन ने कहा कि मलेरिया से मुक्ति के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है। लोग अपने-अपने घरों में डीडीटी का छिड़काव जरूर कराएं। शत प्रतिशत घरों में डीडीटी का छिड़काव कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सात जून तक चलने वाले इस अभियान के दौरान डीडीटी का छिड़काव दो चरणों में जिले के 232 गांवों में किया जाएगा। दूसरा चरण एक अगस्त से 29 अगस्त तक होगा। मौके पर एमटीएस सुशांत कुमार, विकास कर्मकार सहित कई मलेरिया कर्मी मौजूद थे। इधर कोलेबिरा प्रखंड में प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डा. राकेश कुमार की उपस्थिति में डीडीटी का छिड़काव किया गया। स्वास्थ्य उपकेंद्र कोलेबिरा, सरंगापानी, लसिया, टूटीकेल, बंदरचुआं, अंबाटोली व डोमटोली उपकेंद्र के गांवों में डीडीटी का छिड़काव हुआ। इस मौके पर अजीत कुमार सिन्हा, विलास कुमार साहू, सुनील भगत, कुमार गौरव, मनोज फेदरिक कैथा, शंभू चौरसिया व दिनेश मेहर आदि मौजूद थे।

232 गांवों में होगा डीडीटी का छिड़काव

बताया गया कि जिले के 232 गांवों में डीडीटी का छिड़काव किया जाना है जिसमें सिमडेगा सीएचसी में 29 उपकेंद्र के 43 गांव, कुरडेग के 29 उपकेंद्र के 37 गांव, बोलबा के छह उपकेंद्र के 17 गांव, ठेठईटांगर के 14 उपकेंद्र के 35 गांव, जलडेगा के 22 उपकेंद्रों के 57 गांव, बानो के पांच उपकेंद्र के 25 गांव तथा कोलेबिरा प्रखंड के सात उपकेंद्रों के 18 गांवों में डीडीटी का छिड़काव किया जाएगा।

जलडेगा में भी हुई अभियान की शुरुआत

जलडेगा में प्रमुख बालमुनी लुगुन और प्रखंड चिकित्सा प्रभारी डा. अमित आनंद विशाल तिर्की ने संयुक्त रूप से डीडीटी छिड़काव अभियान की शुरुआत की। दोनों ने एक घर में डीडीटी का स्प्रे कर अभियान को सफल बनाने का आग्रह लोगों से किया।

खबरें और भी हैं...