शहर के अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में सोमवार को झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ की बैठक हुई। बैठक में समाज के विकास और एकजुटता पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पूना बेसरा ने की। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने और समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर जोर दिया। कहा कि शिक्षा को अपनाने और नशाखोरी को दूर करने की जरूरत है। सभी लोग अपने बच्चों को अवश्य पढ़ाएं। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के मुद्दे पर विचार विमर्श करते हुए प्रस्ताव रखे गए। लोगों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया। कहा गया कि निश्चित समय सीमा के भीतर महासंघ के निर्णयों पर अमल करते हुए सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। केाषाध्यक्ष नंदलाल महतो ने कहा कि संगठन को चलाने के लिए कोष की आवश्यकता होती है। इसमें सबों का सहयोग आवश्यक है। लोग कोष को मजबूत बनाने में सहयोग करें। संरक्षक रमेश महतो ने कहा कि समाज में संगठन बेहद आवश्यक है।
कलियुग में संघ में ही शक्ति होती है। समाज की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने और इनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सफलता मिलेगी। प्रांतीय मंत्री रामविलास राणा ने कहा कि प्रांत स्तरीय कार्यक्रम में जिला संगठन की पूर्ण भागीदारी हो, ऐसे में प्रांतीय स्तर के निर्णयों पर अमल करने में सुविधा होगी। उपाध्यक्ष रामकृष्ण महतो ने लोगों से अपील की कि सभी पदधारी अपनी पद की गरिमा को ध्यान में रखते हुए समाज हित के कार्य में संलग्न हों। बैठक में रामजी राणा, शंभू राणा, नीलांबर महतो, विनोद महतो, चरकू महतो, बासिल महतो, जीतू महतो, रामलाल महतो, भीम महतो, बालगोविंद महतो, बलराम महतो, कमल महतो, लालचंद महतो, अभय, शरत बेहरा उपस्थित थे। मंच संचालन सुबोध महतो ने किया। अगली बैठक 27 मई को अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में दिन के दस बजे करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित कुम्हार महासंघ के लोग।