सिमडेगा | नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने नगर परिषद की अध्यक्ष पुष्पा कुल्लू के पास पत्र प्रेषित कर खिजरी में प्रस्तावित पार्क निर्माण पर अपना मंतव्य दिया है। उन्होंने कहा है कि खिजरी पहाड़ में पार्क निर्माण करने से पहले इस राजस्व ग्राम की आम जनता की भावना को ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा है कि खिजरी पहाड़ के सुंदरीकरण के लिए पूर्व में भी वन विभाग के द्वारा कई बार वृक्षारोपण किया गया लेकिन चारागाह होने के कारण इसकी स्थिति आज भी पहले जैसी ही है।
यह भी कहा गया है कि नगर परिषद क्षेत्र में पहले से दो-तीन पार्क निर्माणाधीन हैं। लेकिन अबतक जनता को इसका कोई लाभ नहीं मिला है। उन्होंने एसएस हाई स्कूल के निकट निर्माणाधीन पार्क का उल्लेख करते हुए कहा है कि यहां वर्ष 2004-05 से निर्माण कार्य हो रहा है। लाखों रुपए खर्च किए जा चुके हैं लेकिन काम अबतक पूरा नहीं हुआ है। पहले इसे बनवाया जाना चाहिए। पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा है कि इस पार्क की जिम्मेवारी यदि वन विभाग ले तो इसकी देखभाल की जिम्मेवारी इसे दी जा सकती है। वन विभाग को पार्क बनवाने और देखभाल करने का अनुभव है।