सिमगा। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे मितानिन संघ को शुक्रवार को जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामबिलास साहू ने समर्थन दिया है। मितानिन संघ तीन प्रमुख मांगों को लेकर 10 दिन से जनपद परिसर में हड़ताल पर डटी हैं। वे गर्मी के मौसम में मितानिन संघ अबला नहीं, अब सबला है, जैसे नारों के साथ सरकार से अपनी मांगें पूरा करने अड़ी हुई हैं। इसके चलते ब्लॉक के सभी गांव के खासकर महिलाओं एवं बच्चों के देखरेख एवं स्वास्थ्य सुविधा प्रभावित हो रही है, क्योंकि मितानिन ही माताओं के प्रसव आदि प्रमुख समस्याओं का निदान करने में विशेष भूमिका निभाती हैं।
मितानिन संघ 10 दिनों से 100 प्रतिशत राज्य अंश, प्रशिक्षण प्राप्त मितानिनों की सीधी भर्ती, शासन से मिलने वाले राज्य अंश की तरह समन्वयक स्वास्थ्य व एरिया कोआर्डिनेटर मितानिन प्रशिक्षक हेल्प डेस्क फेसिलिटेटर को भी देने की मांग कर रही हैं। मितानिनों की इन मांगों का समर्थन करने शुक्रवार को किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामबिलास साहू धरना स्थल पहुंचकर अपना समर्थन देते हुए कहा कि आप लोगों की मांग जायज है। सरकार को आप लोगों की बात सुननी चाहिए। मैं विश्वास दिलाता हूं कि जब कांग्रेस की सरकार आएगी, तब आपकी मांग को पूरा किया जाएगा।
सिमगा. जनपद परिसर में हड़ताल पर बैठी मितानिन संघ के सदस्य।