कौशल विकास व अभिरूचि शिविर में 150 प्रशिक्षणार्थी ले रहे हैं प्रशिक्षण
सिणधरी | आज व्यक्ति के लिए शिक्षा के साथ-साथ स्वरोजगार के कौशल विकसित करना वर्तमान समय की पहली जरूरत है। सिणधरी कस्बे में भारत स्काउट गाइड संगठन के द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन कौशल विकास एवं अभिरुचि प्रशिक्षण शिविर में बालकों के स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका तय करेगा। यह बात पतंजलि योग समिति बाड़मेर के योग शिक्षक व समाजसेवी हनुमानराम डऊकिया ने राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ सिणधरी की ओर से ग्रीष्मकालीन कौशल विकास एवं अभिरुचि प्रशिक्षण शिविर के औपचारिक शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप व्यक्त किए। उन्होंने कहा छुट्टियों का इससे अच्छा और महत्वपूर्ण उपयोग लेने का कोई विकल्प नहीं हैं। बच्चे मन से सीखें और प्रशिक्षक को भी उन्हें खुलकर सीखने के अवसर भी प्रदान करने चाहिए। विशिष्ट अतिथि सवाई सिंह सांखला ने संबोधित करते हुए कहा कि जीवन का हर पल इंसान को कुछ न कुछ सीखने को प्रेरित करता रहता है। आप इस शिविर में किए गए कौशलों के विकास के लिए कड़ी मेहनत लगन और पुरुषार्थ करें ताकि आप इसमें दक्ष बनकर स्वयं एवं परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर सकें। विशिष्ट अतिथि प्रह्लाद राम व शिविर संचालक गोरधनराम चौधरी ने भी अपने विचार रखे।