सिणधरी के ग्राम धूडिय़ा में रुपए पांच गुणा करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। चूनसिंह पुत्र शंकर सिंह राजपूत निवासी धूडिय़ा ने मामला दर्ज करवाया कि पदमनाथ पुत्र पूनमनाथ जोगी निवासी सिणधरी व गिरधारी नाथ पुत्र पूनम नाथ जोगी निवासी गादेसरा मेरे घर आया। उसे गुमराह करके एक लाख के बदले पांच लाख रुपए देने का झांसा दिया। एक तोला सोना के बदले 10 तोला सोना देने का झांसा दिया। राशि और गहनों को संदूक में रखकर 21 दिन के बाद खोलने पर पांच गुणा धन मिलेगा। अवधि पूर्ण होने पर 21 दिन बाद संदूक खोला गया तो उसमें कुछ भी नहीं था। इस पर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया गया। थानाधिकारी जेठाराम ने बताया कि एसआई रावताराम, गुमनाराम, महिराम की टीम ने आरोपी पदमनाथ को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरा आरोपी गिरधारी फरार हो गया। आरोपी जादूगर व तांत्रिक है। भोले-भाले लोगों को को रुपए व गहने 5 से दस गुणा करने का झांसा देकर एक संदूक देते है। चतुराई दिखाते हुए रुपए व गहना हड़प खाली संदूक दे देते है।