लोगों काे छल रही है सरकार: अानंद महतो
संकल्प सभा के पूर्व श्रद्धांजलि देते पूर्व विधायक आनंद महतो व अन्य।
जलियांवाला बाग के अमर शहीदों की याद में मायुमो ने किया संकल्प सभा
डीबी स्टार. सिन्दरी
सिंदरी मनोहरटांड़ में शुक्रवार को मार्क्सवादी युवा मोर्चा के नेतृत्व में जलियांवाला बाग के अमर शहीदों की याद में एक संकल्प सभा का आयोजन किया गया। मुख्य रूप से मासस के केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक आनंद महतो मौजूद थे। उन्होंनें कहा कि अभी भारत में साम्राज्यवाद का नया स्वरूप आर्थिक जगत में देखा जा रहा है। सरकार कॉरपोरेट और विदेशी पूंजी के आगे नतमस्तक है। इन लोगों के लिए सारे दरवाजे खोले जा रहे हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां एक-एक करके बंद हो रही है। सरकारी क्षेत्र में भी कर्मी आए दिन घट रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में हम सब को विचार करने की जरूरत है।
सरकार सामाजिक दायित्व से पीछे भाग रही है। सिंदरी में भी देखा जा रहा है कि सिंदरी को विकसित करने का ढिंढोरा पीटा जा रहा है। लेकिन यहां के लोगों को मेहनत करने का जगह भी नहीं मिल रहा है। रोजी रोजगार के लिए दरवाजे-दरवाजे भटक रहे हैं, ऐसी परिस्थिति में हम सब को विचार करने की जरूरत है। हमें अपने वर्ग दुश्मन को पहचानने की जरूरत है। सिंदरी में नव साम्राज्यवाद का जब-तक विरोध नहीं होगा तब तक सिंदरी का समुचित विकास संभव नहीं है।