सिंदरी महाविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, इकाई-टू की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशु मेघनानी, जीव विज्ञान की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना सिंह तथा स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत कार्यक्रम के प्रयोजन से शुक्रवार को परसबनियां गांव के ग्राम प्रतिनिधि व ग्राम सदस्यों से गांव की स्वच्छता की जानकारी ली। शिक्षकों तथा ग्राम प्रतिनिधि व सदस्यों के बीच हुई वार्ता में ग्राम प्रतिनिधि ने कहा की गांव में अबतक कुल 4 सौ शौचालय निर्मित किया जा चुका है और दो माह के अंतर्गत 8 सौ शौचालय निर्माण का लक्ष्य है। गांव मे एक बड़ा तालाब है किंतु उसकी सफाई की कोई व्यवस्था नही है। जिसके कारण ग्रामीण दूषित जल से जीवन निर्वाह करते हैं। पंचायत को वन विभाग का सहयोग न प्राप्त होने के कारण वृक्षारोपण नहीं हो पाता है। गांव की कुल जनसंख्या लगभग 8000 है और गांव के समीप कोई अस्पताल नहीं है। गांव के नाले क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और इस कारण बरसात में जल निकासी नहीं हो पाता है और यह गांव में बीमारियों का कारण बनता है। ग्राम प्रतिनिधि का कहना है सरकार द्वारा जो भी फंड उपलब्ध होता है उससे शौचालय व सड़क निर्माण होता है इसके अतिरिक्त कोई सहयोग नहीं मिलता। राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप के स्वच्छाग्रही परसबनियां में 7 जून 8 से 31 जुलाई तक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाएंगे।