झुंझुनूं रीको प्रशासन ने गुजरवास ग्राम पंचायत के रीको क्षेत्र में गुरुवार को जेसीबी चलाकर अतिक्रमण को हटवाया। अतिक्रमण हटाने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। पटवारी सहीराम ने बताया कि 17 मई 2018 को बुहाना तहसीलदार के आदेश क्रमांक भू. अ. 17/ 123 की आदेश की पालना में गुजरवास की रीको भूमि का सीमा ज्ञान करवाने के लिए वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक सीएल गांधीवाल झुंझुनूं मय स्टाफ के साथ गुजरवास के खसरा नं. 499 रकबा 7.58 के मौके पर पहुंचकर सीमा ज्ञान करवाया गया तथा रीको की भूमि में वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक टीम द्वारा बिलायती बबूल वगैरह की सफाई करवाई गई। रीको भूमि से अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं मूलचंद, हनुमानप्रसाद यादव, श्यामलाल, जगदीश, झाबरमल, पप्पू, सुरेंद्र बोहरा, नानड़, बनवारी, नरेश कुमार, जयसिंह, लालचंद सहित खानावाला कुआं के ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने की बात को लेकर विरोध जताया। उन्होंने बताया कि गुजरवास में सार्वजनिक श्मशान भूमि की जमीन होने के बाद भी अधिकारियों ने अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया गया। अधिकारियों ने ना हं कोई नोटिस दिया। उक्त लोगों ने बताया कि यह उनके पूर्वजों की श्मशान भूमि है। पानी की टंकी बनी हुई है तथा मौके पर बड़ के पेड़,एक टीनशैड बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि रीको के अधिकारियों ने बदनीयत के चलते कार्रवाई की है। रीको की जमीन के आबंटन से ज्यादा भूमि पर कई लोगों ने कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों ने रीको क्षेत्र के अवैध कब्जे की नपती करवाने, आबंटित भूमि से अधिक पर कब्जे को हटाने तथा जिन अधिकारियों ने पूर्ण अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर उनके पूर्वजों के अवशेषों को खुर्द बुर्द किया उनके खिलाफ जांच करने की मांग की।
सिंघाना. कार्रवाई का विरोध करते ग्रामीण।