भावांतर खरीदी केंद्र पर अव्यवस्था से नाराज किसान आक्रोश जताते।
भास्कर संवाददाता | सिंगोली
कृषि मंडी में भावांतर खरीदी केंद्र पर सोमवार को उपज तौल में देरी और पीने का पानी नहीं मिलने पर किसान आक्रोशित हो गए। खरीदी केंद्रों के जिम्मेदार जमकर खरी-खोटी सुनाई। नायब तहसीलदार महेंद्रसिंह डांगी पहुंचे और किसानों की समस्या सुनकर समझाइश दी। इसके बाद अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
सुजानपुरा शंकरलाल धाकड़ ने मंडी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर के तौल केंद्र के व्यवस्थापक प्रकाश धाकड़ और सर्वेयर कन्हैयालाल पाटीदार के सामने विरोध दर्ज कराया। केंद्र पर चना उपज का समय पर तौल नहीं होने और मनमानी का आरोप लगाया। धाकड़ ने कहा केंद्र पर किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। केंद्र पर जिम्मेदार मनमर्जी कर रहे हैं। किसान पांच दिन से उपज तौल के लिए केंद्र पर बैठे हैं। इसके बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। हंगामा की सूचना पर नायब तहसीलदार पहुंचे और किसानों बात सुनने के बाद जल्द निराकरण का आश्वासन देकर मामला शांत किया। किसानों ने बताया भीषण गर्मी में पानी की व्यवस्था सही नहीं होने से भटकना पड़ रहा है। उपज की बोरी पर किसानों को ही सील लगाना पड़ रही है। यह कार्य तौल केंद्र के कर्मचारियों का रहता है।
नायब तहसीलदार केंद्र के व्यवस्थापक धाकड़ और सर्वेयर को व्यवस्था में सुधारन तथा मंडी कर्मचारी ओम सोनी को पीने के पानी की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। बारदान की कमी से उपज का तौल नहीं करने पर उन्होंने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। जल्द ही बारदान की व्यवस्था के साथ तौल व्यवस्था सुधारी जाएगी।