सिंगोली में कॉलेज निर्माण की गति धीमी, तीन महीने में नींव भी नहीं भरी
सिंगोली में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए तीन महीने पहले कॉलेज भवन निर्माण का भूमि पूजन हुआ। करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से बनने वाले भवन का काम धीमी गति से चल रहा है। तीन महीने में नींव भी नहीं भरी गई। अभी कॉलम के लिए गड्ढे ही खोदे गए हैं। जबकि संबंधित ठेकेदार को समय-सीमा में भवन तैयार कर कॉलेज प्रशासन को हैंडओवर करना है।
प्रदेश शासन ने सिंगोली में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 2011 में कॉलेज स्वीकृति दी। अगस्त 2012 में बिजासन माता मंदिर के पास 60 बीघा जमीन आवंटित की। चार वर्ष बाद 30 जून 2016 को भवन निर्माण के लिए करीब 1 करोड़ 33 लाख रुपए की राशि जारी की गई। 31 जनवरी 2018 को निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने आठ महीने में विद्यार्थियों को भवन की सौगात मिलने का दावा किया था। लेकिन अब तक कॉलम के लिए गड्ढे ही खोदे गए हैं। नींव भरने का काम भी पूरा नहीं हुआ। निर्माण एजेंसी का कहना है एक वर्ष में भवन तैयार कर हैंडओवर कर दिया जाएगा।
सिंगोली में कॉलेज भवन निर्माण
दो कमरों में लग रहा है कॉलेज
वर्तमान में कॉलेज के विद्यार्थियों को दो कमरों में बैठकर पढ़ाई करना पड़ती है। ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। निर्माण एजेंसी को 10 महीने में भवन तैयार करना था लेकिन तीन महीने में 10 फीसदी काम भी नहीं हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों को नए भवन सौगात इस वर्ष भी मिलना असंभव लग रही है।