- Hindi News
- National
- युवक ने चोरों को ललकारा तो मुंह में कपड़ा ठूंसा, हाथ पैर बांधकर पीटा और भाग गए
युवक ने चोरों को ललकारा तो मुंह में कपड़ा ठूंसा, हाथ-पैर बांधकर पीटा और भाग गए
सिंगोली चारभुजा. मानगंज गांव में मंगलवार रात चोरों की पिटाई से घायल युवक नारायण पुरी।
भास्कर संवाददाता | सिंगोली चारभुजा
मोटरों का खेड़ा के मानगंज गांव में मंगलवार रात एक मकान में चोर घुसे। छत के रास्ते से चोर मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। खटपट सुनकर छत पर सो रहे युवक की नींद खुल गई। उसने ललकारा तो चार बदमाशों ने चारपाई पर युवक को उल्टा डालकर उसके हाथ-पैर बांध दिए। उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। बिजली की केबल से युवक की पिटाई शुरू कर दी। इससे युवक की पीठ पर चोटें आई। युवक के चिल्लाने पर कमरे में सो रहे परिजन छत पर पहुंचे तो बदमाश भाग गए।
मानगंज निवासी 24 वर्षीय नारायण पुरी पुत्र कान्हा पुरी मंगलवार रात अकेला छत पर चारपाई पर सो रहा था। रात करीब एक बजे आहट सुनाई दी तो उसकी नींद खुल गई। छत पर चार बदमाश खड़े थे। चारों मकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। नारायण ने चोरों को ललकारा तो बदमाशों ने उसे दबोच लिया। चारपाई पर उल्टा पटककर उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया। हाथ-पैर बांध कर बिजली की केबल से पीठ पर वार शुरू कर दिए। इससे युवक घायल हो गया। युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर में कमरों में सो रहे परिजन छत पर पहुंचे। यह देखकर बदमाश भाग गए। नारायण के परिजनों ने चोरी की रिपोर्ट नहीं दी।
ग्रामीणों ने उठाई रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग ... सिंगोली सहित आस-पास के गांवों में चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। विदित रहे कि कुछ दिन पहले सिंगोली में सर्राफा व्यापारी की दुकान सहित पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। बरूंदनी में पूर्व सरपंच व एक अन्य ग्रामीण के घर में भी चोरी की वारदात हो चुकी है।