चुनाव आ रहे हैं तो हमारी चिंता हो रही है। सभी नेता एक जैसे होते हैं। मंडी में प्याज का भाव नहीं मिल रहा। किसानों को रोज हंगामा करना पड़ रहा है। चने बेचने में तीन दिन लग रहे हैं। भुगतान कब होगा कोई नहीं बता रहा। अन्य समस्याएं भी हैं जिनके लिए कई बार पंचायत के चक्कर लगाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। आपकी सरकार क्या कर रही है। किसान तो भाजपा सरकार से परेशान हो गए हैं। रोज नई-नई परेशानियां सामने खड़ी हो जाती है।
पंधाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों के दौरे पर निकली विधायक योगिता बोरकर को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। भगवानपुरा के सुनील ने विधायक से कहा मैं पंचायत में लिखित और मौखिक रूप से चार-पांच बार शिकायत कर चुका हूं। आंगनवाड़ी के पास गंदगी और रुखड़े (गोबर) के ढेर लगे हैं। बच्चों को गंदगी के पास रहना पड़ रहा है। सीसी रोड निर्माण में बड़ी गड़बड़ी की गई है। इसकी भी शिकायत की लेकिन कोई जांच या सुधार नहीं हुआ। अब चुनाव आ रहे हैं तो हमारी चिंता हो रही है। ग्राम रामपुरा में भी विधायक को कुछ इसी तरह ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। विधायक ने सोमवार को लछोरा, रामपुरा, फूलगांव, भगवानपुरा, सुतारखेड़ा, जलकुआ, अंबापाट, बलवाड़ा आदि का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं पूछी।