पेंड्रा से गेवरा रेल लाइन का काम रोकने कांग्रेस कर रही साजिश: जोगी
पेंड्रा | आदिवासी बाहुल्य मरवाही क्षेत्र से होकर बनने वाली पेण्ड्रारोड से गेवरा ईस्ट-वेस्ट रेल कारीडोर परियोजना के कार्य को दूसरे क्षेत्र में बनवाने का परिवाद एनजीटी में दायर करना कांग्रेस नेताओं के द्वारा कोयला माफियाओं के साथ मिलकर किया गया षड़यंत्र है। ऐसा कर कांग्रेस नेता मरवाही, कोटा, तानाखार और कटघोरा क्षेत्र का विकास बाधित करना चाहते हैं, क्योंकि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को रेल सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र का औद्योगिक विकास भी तेजी से होगा। यह बयान जारी करते हुए मरवाही विधायक अमित जोगी ने आरोप लगाया कि मरवाही क्षेत्र से होकर बनने वाली पेण्ड्रारोड से गेवरा ईस्ट-वेस्ट रेल कारीडोर परियोजना को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत रोकने की साजिश रच रहे हंै, इसलिए उन्होंने अपने समर्थक कांग्रेस नेता और अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव के माध्यम से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में परिवाद दायर कराया है। इस परिवाद के माध्यम से एनजीटी में इस कार्य का मार्ग पेण्ड्रारोड से गेवरा रोड के स्थान पर परिवर्तन कर सलका से सीपत होते हुए बनाने की मांग की है।