सिरोही में 10 व सरूपगंज में 3 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
सरगरा समाज विकास समिति सिरोही के तत्वावधान में सामूहिक विवाह का आयोजन आखा तीज के अवसर पर क्षत्रिय घांची समाज छात्रावास में किया गया। इसमें करीब दस जोड़ों का गायत्री मंदिर कमेटी सिरोही ने मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान से विवाह करवाया। वहीं समाज की ओर से सरूपगंज में भी सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 3 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। सिरोही में विकास समिति प्रवक्ता हीरालाल गहलोत ने बताया कि भामाशाह एवं जनप्रतिनिधियों ने समारोह में शिरकत की।
गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा जिलाध्यक्ष लुंबाराम चौधरी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गणपतसिंह, आबूरोड नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश सिंदल व सीआई आनंद कुमार ने वर-वधुओं को आशीर्वाद दिया। गुजरात से भी समाज के लोगों ने भाग लिया। समूह लग्न के मुख्य भामाशाह जयंती लाल मकवाना एवं समूह लग्न कमेटी अध्यक्ष गोमाराम परिहार का स्वागत राज्य मंत्री देवासी ने साफा, माला एवं मोमेंटो भेंट कर करवाया गया। समाज के अन्य भामाशाहों का भी स्वागत कर उन्हें मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। कमेटी अध्यक्ष गोमाराम परिहार ने कमेटी की पूरी टीम एवं आए समाज के लोगों के सहयोग पर समाज की ओर से उनका आभार व्यक्त किया।
विवाह समारोह में कई जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त जोड़ों को दिया आशीर्वाद
सिरोही. सरगरा समाज की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 10 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
सरूपगंज में तीन जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
सरूपगंज | कस्बे के सत्यनारायण मंदिर प्रांगण में क्षत्रिय सरगरा समाज भीतरोट परगना का तृतीय सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। जिसमें तीन जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इससे पूर्व कई मांगलिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। समारोह में सुबह दूल्हे अलग अलग बंदौली लेकर विवाह स्थल पहुंचे तथा तोरण मारने की रस्म निभाई गई। इसके बाद दूल्हा दुल्हन अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधे। सामूहिक विवाह समारोह में सभी भामाशाहों का शॉल व माला पहनाकर स्वागत किया गया। सामूहिक विवाह कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंदल ने कहा कि समाज में एकजुटता के साथ सामाजिक कार्यों में सहभागिता निभाएं। इस अवसर पर नारायणलाल थिंगोर, वागाराम थिंगोर, दिनेश परिहार, चैनाराम मोहरेशा, कन्हैयालाल थिंगोर, अमृत सिंदल, हंसाराम सिंदल, श्रवण धवल, सुरेश थिंगर, मंगलाराम सिंदल, गोपाल सिंदल सहित काफी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे।
खंडेलवाल समाज ने निकाली बंदौली
सिरोही | खंडेलवाल समाज के आठवें सामूहिक समारोह अक्षय तृतीया के अवसर पर शहर के मुख्य मार्गों से एक साथ 18 जोड़ों की बंदौली निकाली गई। जिसमें समाज के नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। शाम के खंडेलवाल समाज छात्रावास से रथों में सवार होकर दुल्हा दुल्हन की बंदौली रवाना हुई। इस दौरान 18 रथों पर 18 जोड़े सवार थे। इस अवसर पर महिलाओँ ने मंगल गीत गाये वही सभी दूल्हों का दुल्हन पक्ष द्वारा सामैया किया गया। मगरा परगना अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि महासंघ अध्यक्ष सरजू कुमार खुटेटा, महामंत्री एडवोकेट सुरेश कुलवाल, उपाध्यक्ष किशोर जावाल, ललित, सहमंत्री रामलाल बडगांव, कोषाध्यक्ष मोहनलाल सेवाडी, सहकोषाध्यक्ष गिरधारीलाल पोसालिया, झोरा परगनाध्यक्ष नेनमल, मगरा परगनाध्यक्ष लोकेश खण्डेलवाल, बडगाव के नंदकिशोर, गोडवाड़ के भगवतीप्रसाद, पोसालिया के शंकरलाल, आबूरोड के शिवलाल समेत बड़ी संख्या में समाज के नागरिक मौजूद थे।