योजनाओं की समीक्षा कर प्रभारी सचिव ने दिए निर्देश
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक एवं जिले के प्रभारी सचिव कुलदीप रांका की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित हुई। प्रभारी सचिव की ओर से जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा की।
जिला स्तरीय अधिकारियों से चर्चा कर ग्रीष्म ऋतु के लिए विभाग की ओर से तैयार की गई कार्य योजना की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों को पहले से ही चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले में कहीं भी पेयजल की समस्या न रहें। डिस्कॉम विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर वर्षा ऋतु से पूर्व सभी ढीले तारों को कसने की कार्रवाई करें, ताकि अनावश्यक दुर्घटना नहीं हो। रात्रि चौपाल कर बकाया बिजली कनेक्शनों की जानकारी लेकर समय पर कनेक्शन सुनिश्चित करें। ट्रांसफार्मर, मीटर व अन्य बिजली उपकरणों के उपलब्धता की जानकारी ली। जलसंसाधन खंड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वर्षा ऋतु से पूर्व समस्त जल स्रोतों की साफ-सफाई व मरम्मत करवाना सुनिश्चित करें। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधा उपलब्ध रहें यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व एएनएम की सयुंक्त टीम की ओर से डोर-टू-डोर सर्वे करवाकर गर्भवती महिलाओं के नियमित जांच के निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग, रसद में अन्नपूर्णा भंडार, पोस मशीन, उज्जवला योजना, श्रम विभाग में श्रमिकों के पंजीयन व कौशल विकास की योजनाओं पर समीक्षा कर निर्देश दिए।
बत्तीसा नाला व सालगांव बांध परियोजना की ली जानकारी : कलेक्टर संदेश नायक ने प्रभारी सचिव को जिले की बत्तीसा नाला एवं सालगांव बांध परियोजनाओं की क्रियान्विति संबंधी जानकारी दी तथा कलेक्टर ने राज्य स्तर पर लंबित प्रकरणों से अवगत करवाया। अति. पुलिस अधीक्षक पन्नालाल मीणा ने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में अवगत कराया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी केसरलाल मीणा ने पंचायतीराज विभाग की योजनाओं की प्रगति से अवगत करवाया।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रभारी सचिव कुलदीप रांका ने अधिकारियों की ली बैठक
सिरोही. अधिकारियों की बैठक लेते प्रभारी सचिव कुलदीप रांका। फोटो : भास्कर