पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने करवाई कथित ऑडियो की जांच, दावा आवाज मंत्री की ही

महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने करवाई कथित ऑडियो की जांच, दावा- आवाज मंत्री की ही

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करीब दो माह पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए गोपालन राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के कथित ऑडियो की फोरेंसिक जांच में आवाज मंत्री की ही होने का दावा किया गया है। इस ऑडियो को लेकर कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष और राजस्थान ब्राह्मण महासभा की महिला जिलाध्यक्ष हेमलता शर्मा ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिरोही के समक्ष परिवाद पेश किया था। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि देवासी ने इस ऑडियो में महिलाओं के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की है। यह ऑडियो सामने आने के बाद गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने इसे अपना होने से इंकार करते हुए कहा था कि किसी ने उनकी आवाज को डब किया है। जिस पर हेमलता शर्मा ने इसकी निजी स्तर पर फोरेंसिक जांच करवाई। यह जांच रिपोर्ट न्यायालय में पेश की गई है। जिसमें दावा किया गया है कि जांच में आवाज मंत्री की ही पाई गई है। अब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने मामले में एक मई को परिवादी के साक्ष्य कलमबद्ध करने की तारीख दी है।

मंत्री ने मना किया था यह ऑडियो मेरा नहीं, शर्मा ने अपने स्तर पर करवाई वाइस सैंपल की फोरेंसिक जांच

इंटरव्यू से किया मिलान

इस जांच के लिए मंत्री के पूर्व में दिए गए एक इंटरव्यू से आवाज का सैंपल लिया गया। ऑडियो वीडियो एफएसएल एक्सपर्ट मुकुंद दवे ने वैज्ञानिक तरीकों से विश्लेषण करने के बाद कहा कि वायरल ऑडियो में किसी प्रकार की कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। इस तरह फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट ने वायरल ऑडियो में फोन पर प्रयुक्त आवाज को तथा उनके द्वारा दिए गए इंटरव्यू की आवाज को एक ही बताया।

मामले में विपक्ष राजनीति कर रहा है। यह उनका काम है। जिला प्रमुख मेरी बेटी के समान हैं और जैसा कि आरोप लगाया जा रहा है उसमें कोई सच्चाई नहीं है। - ओटाराम देवासी, गोपालन राज्य मंत्री

यह था मामला

करीब दो माह पहले गोपालन राज्यमंत्री का कथित ऑडियो सामने आया था। जिसमें ओटाराम देवासी द्वारा प्रदेश के कुछ मंत्रियों, अधिकारियों और जिला प्रमुख को लेकर किसी से बातचीत का दावा किया गया। कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष ने इस मामले में कोर्ट में परिवाद पेश कर आरोप लगाए कि ऑडियो में मंत्री ने महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की है। हालांकि जब से ऑडियो सामने आया तब से देवासी इसे अपना होने से इंकार कर रहे हैं।

मंत्री की ओर से इस ऑडियो को अपना होने से इंकार किया गया था। इसीलिए मैने यह जांच फोरेंसिक लैब में निजी स्तर पर करवाई है। जिसमें आवाज उनकी ही पाई गई है। - हेमलता शर्मा, जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस

खबरें और भी हैं...