पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मुख्य बाजार से बाइक चोरी, डुप्लीकेट चाबी लगाते बदमाश दिखा सीसीटीवी कैमरे में

मुख्य बाजार से बाइक चोरी, डुप्लीकेट चाबी लगाते बदमाश दिखा सीसीटीवी कैमरे में

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक शातिर बाइक चोर ने रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे शहर में भरे बाजार के बीच वारदात को अंजाम दिया। चोर ने सरजावाव गेट के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक गली में खड़ी बाइक का डुप्लीकेट चाबी से ताला खोला और चुरा ले गया। गली में दुकानदारों की दर्जनभर बाइक खड़ी थी और बदमाश ने करीब आधे घंटे तक चार-पांच बाइकों का ताला खोलने का प्रयास किया। इस बीच एक बाइक का ताला खुल गया, जिसे बाजार में चहल पहल के बीच चोरी कर ले गया।

वारदात के समय गली की अधिकतर दुकानें खुली हुई थी और गली में लोगों की आवाजाही जारी थी, लेकिन किसी ने भी बदमाश की हरकत पर गौर नहीं किया। बाइक चोरी की पूरी वारदात गली की एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोरी हुई बाइक सरजावाव गेट के पास वाली दुकान पर काम करने वाले युवक की है। दुकान से फ्री होकर युवक जब घर जाने के लिए बाइक लेने गया तो बाइक गायब थी। दुकानदार और युवक ने बाइक को ढूंढा, लेकिन नहीं मिली। इस दौरान पास सब्जी थोक विक्रेता की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले तो पता कि बाइक चोरी हो गई है। पीडि़त युवक ने कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी। पुलिस बाइक चोर की तलाश में जुट गई है।

गली में अधिकतर दुकानें थी खुली, बाजार में चहल पहल के बीच हुई वारदात

सिरोही. बदमाश ने डुप्लीकेट चाबी से कतार में खड़ी चार-पांच बाइकों का ताला खोलने का प्रयास किया। चाबी लगने पर एक बाइक को चुरा ले गया।

भरे बाजार में हुई वारदात किसी को भनक तक नहीं लगी

सरजावाव गेट से न्यू बस स्टैंड मार्केट में रात करीब 10 बजे तक अधिकतर दुकानें खुली रहती है। आईसीआईसीआई बैंक गली में भी दर्जनभर दुकानें है। आईसीआईसीआई बैंक और सहारा इंडिया का कार्यालय भी है। ऐसे में इस गली में भी देर रात तक रौनक रहती है। दुकानदार और कामकाजी लोग आईसीआईसीआई बैंक के पास बाइक खड़ी करते हैं। कतार में खड़ी दस-पंद्रह बाइकों में से बदमाश ने एक बाइक को चुरा लिया। भरे बाजार के बीच हुई वारदात की किसी को भनक तक नहीं लगी।

जागरूकता से बच सकती थी बाइक चोरी

बाइक चोरी की वारदात रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे हुई है। इस दौरान गली और बाजार में चहल पहल थी। बाइक चोर करीब आधे घंटे तक एक-एक कर चार-पांच बाइक का ताला खोलने के लिए डुप्लीकेट चाबी से प्रयास करता रहा। बीच-बीच में वो इधर-उधर चल फिर भी रहा है तथा आसपास निगाहें भी दौड़ता रहा। जिस बाइक का ताला खोलने में कामयाब रहा उसे भी पैदल चलाकर ले गया, फिर भी बदमाश की हरकत पर किसी ने गौर नहीं किया। जागरूकता से वारदात को रोका जा सकता था।

सीसीटीवी कैमरे में दिखा एक बदमाश

रोजाना की तरह रविवार को भी अपनी बाइक आईसीआईसीआई बैंक गली में खड़ी करके दुकान पर काम करने चला गया। शाम को जब घर जाने के लिए बाइक लेने पहुंचा तो बाइक गायब थी। काफी देर तक ढूंढा, लेकिन कोई पता नहीं चला। जहां बाइक खड़ी थी, वहीं लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो पता चला कि बाइक को बदमाश ने चुरा लिया है। पुलिस को इसकी सूचना दी। -श्रवणसिंह राव, पीडि़त

सीसीटीवी फुटेज लिए, तलाश जारी

सरजावाव गेट के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक वाली गली में खड़ी मोटरसाइकिल चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसमें साफ दिख रहा है कि बदमाश ने डूप्लीकेट चाबी लगाकर बाइक चोरी की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को अन्य थानों में भी िभजवा दिया है। बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। उम्मीद है एक-दो दिन में आरोपी को पकड़ा जाएगा। -आनंद कुमार, सीआई, कोतवाली थाना, सिरोही

चार-पांच पर बाइकों पर आजमाई डुप्लीकेट चाबी

आईसीआईसीआई बैंक गली में दर्जनभर बाइक कतार में खड़ी थी। बदमाश अपने साथ डुप्लीकेट चाबी लाया था। करीब आधे घंटे तक रैकी के साथ-साथ चार-पांच बाइकों का ताला खोलने का प्रयास किया। इस दौरान एक बाइक को चाबी लग गई और बदमाश उसे चुरा ले गया। इससे पहले उसने बाइक को हिलाकर पेट्रोल भी चैक किया। लॉक खोलने के बाद बदमाश आईसीआईसीआई बैंक तक पैदल चलाकर ले गया। बदमाश की पूरी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। लेकिन, अभी तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

खबरें और भी हैं...