पक्षियों के लिए पहल, विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर लगाए परिंडे
तेज धूप व गर्मी के बीच बेहाल पक्षियों के लिए अब आमजन भी आगे आने लगे है, जिसमें युवाओं के साथ बुजुर्ग भी समय निकालकर गली मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों समेत सार्वजनिक स्थलों पर गर्मी से पक्षियों के बचाव के लिए परिंडे लगाने में जागरूकता दिखा रहे है। भास्कर की पहल की मुहिम से प्रेरित होकर लोगों ने न केवल परिंडे बांधे बल्कि इनमें नियमित रूप से पानी भरने का भी संकल्प लिया। इसी के तहत आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खांबल के एनएसएस शिविर के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिविर प्रभारी खेमराज चौधरी व अध्यापक विक्रम लोहार, पूर्णाशंकर रावल, महिपालसिंह देवड़ा व वीरेंद्र प्रजापति के नेतृत्व में करीब एक सौ पचास परिंडे गांव में लगाए। परिंडों की व्यवस्था सिरोही के भामाशाहों की ओर से की गई, जिसमें करीब तीन हजार परिंडे पीएफए सिरोही को उपलब्ध करवाकर इस कार्य में सहयोग दिया। पीएफए के सचिव अमित दियोल ने बताया कि पिछले 4 वर्ष से पीएफए एवं दैनिक भास्कर की मुहिम से गर्मियों में पक्षियों के लिए परिंडे निशुल्क आमजन को उपलब्ध करवा रहे है, जिसमें स्थानीय भामाशाहों का सहयोग मिल रहा है। यदि कोई भी परिंडे लेना चाहे तो पीएफए शेल्टर सारणेश्वर, चिराग शूज़ से निशुल्क प्राप्त कर सकते है।
दैनिक भास्कर के अभियान के तहत खांबल स्कूल में परिंडे लगाते स्टूडेंट्स।